SAHARANPUR NEWS: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराध नियंत्रण और शातिर अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। थाना गागलहेडी पुलिस ने मुठभेड़ के बाद कुख्यात गैंगस्टर और गौकश नफीस उर्फ काला को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक तमंचा, कारतूस और बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद हुई। पुलिस के अनुसार थानाध्यक्ष विनोद कुमार अपनी टीम के साथ ग्राम नवादा, नागदेव नदी के पास चेकिंग कर रहे थे। तभी मुगल माजरा की ओर से एक संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल पर आता दिखा। पुलिस को देखकर वह जंगल के कच्चे रास्ते की ओर भागने लगा। पीछा करने पर उसकी मोटरसाइकिल फिसल गई, और उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी फायरिंग में नफीस उर्फ काला के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान नफीस उर्फ काला, पुत्र अय्यूब, निवासी महमूद तिवाई उर्फ सैय्यद माजरा, थाना गागलहेडी के रूप में हुई। उसके कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, एक जिंदा और दो खोखा कारतूस, और एक बिना नंबर की बजाज सीटी-100 मोटरसाइकिल बरामद की गई। घायल अभियुक्त को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नफीस के खिलाफ थाना गागलहेडी में गौकशी, गैंगस्टर एक्ट, चोरी, हत्या के प्रयास और आयुध अधिनियम के तहत करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। इसके अतिरिक्त, उसके खिलाफ माननीय न्यायालय द्वारा गैर-जमानती वारंट भी जारी था। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की और जानकारी जुटा रही है। इस मुठभेड़ से क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की सक्रियता और सख्ती का संदेश गया है। अभियुक्त के खिलाफ आगे की कार्रवाई जारी है।






