जिला प्रशासन से सड़क निर्माण की मांग की
BHADOHI NEWS: डीघ विकासखंड के कोनिया क्षेत्र के डीघ राजवाहा से गजाधरपुर हरिरामपुर नहर से भुर्रा गांव तक की सड़क की स्थिति अत्यंत खराब हो गई है। जिसको लेकर शनिवार को ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर सड़क निर्माण की मांग की। इस दौरान ग्रामीणों ने कहा कि उक्त सड़क की हालत काफी दयनीय हो गई है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं। बारिश होने के बाद उन गड्ढों में पानी भर जा रहा है और सड़क पूरी तरह से कीचड़युक्त हो गई है। जिसपर पैदल चलना भी दुश्वार हो गया है। उन्होंने कहा कि इसी सड़क से स्कूली बच्चे पढ़ने के लिए विद्यालय आते-जाते हैं। सड़क बदहाल होने के कारण आए दिन बच्चे गिर पड़कर चोटहिल हो जा रहे हैं। इसके कारण सभी को दिक्कत हो रही है। ग्रामीणों ने कहा कि सड़क खराब होने के कारण भी लोक निर्माण विभाग, जिला पंचायत कार्यालय, सांसद व विधायक द्वारा ध्यान नहीं दिया जा रहा है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन का ध्यान इस दयनीय सड़क की ओर आकृष्ट कराते हुए निर्माण की मांग की। इस मौके पर समाजसेवी लालू यादव, विजय पाल, जटाशंकर यादव, अवधेश पाल, चंदन यादव, रामधनी पाल व मुलायम आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहें।







