Home उत्तर प्रदेश प्रतिभा सम्मान समारोह 2025 का भव्य आयोजन

प्रतिभा सम्मान समारोह 2025 का भव्य आयोजन

PRATAPGARH NEWS:  शुक्रवार को जनपद के शैल श्याम पैलेस में “प्रतिभा सम्मान समारोह–2025” का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। इस अवसर पर जनपद के विभिन्न विद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों के चयनित उत्तीर्ण मेधावी छात्र-छात्राओं को मंच पर आमंत्रित कर प्रशस्ति पत्र, ट्रॉफी एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिलाधिकारी प्रतापगढ़ श्री शिव सहाय अवस्थी एवं पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ डॉ. अनिल कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने मंच से अपने प्रेरणास्पद उद्बोधन में छात्र-छात्राओं को शिक्षा के प्रति समर्पण और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
जिलाधिकारी श्री शिव सहाय अवस्थी ने कहा “आज के ये मेधावी छात्र ही कल के राष्ट्र निर्माता हैं। ऐसे आयोजनों से न केवल विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन होता है, बल्कि उनके अभिभावकों और शिक्षकों के समर्पण को भी सामाजिक मान्यता मिलती है।” पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने अपने संबोधन में कहा अच्छी शिक्षा, नैतिक मूल्य और समाज के प्रति उत्तरदायित्व का भाव ही एक सभ्य समाज की नींव है। विद्यार्थियों को इन मूल्यों के साथ निरंतर आगे बढ़ते रहना चाहिए।”
सम्मान प्राप्त कर विद्यार्थियों के चेहरों पर प्रसन्नता एवं गौरव की झलक स्पष्ट दिखाई दे रही थी।