घटना में शामिल 3 आरोपियों को पुलिस ने कर लिया था पूर्व में ही गिरफ्तार
BHADOHI NEWS: एकराय होकर गाली गलौज करते हुए मारपीट व प्राण घातक हमला कर एक व्यक्ति को
मार डालने के वांछित आरोपी को स्थानीय पुलिस टीम ने गिरफ्तार कर लिया। घटना में शामिल 3 आरोपियों को पूर्व में गिरफ्तार कर पुलिस ने निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे की पाइप को बरामद कर लिया था। उक्त थाना क्षेत्र के विहरोजपुर गांव में एक फरवरी 2025 को सुबह के समय रास्ते को लेकर मारपीट के दौरान आरोपियों द्वारा अपने पड़ोसी रंजय यादव को लोहे की पाइप से हमला कर घायल कर दिया गया। वाराणसी के ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी। घटना के संबंध में मृतक के भाई से प्राप्त तहरीर के आधार पर तत्समय ही पुलिस द्वारा आरोपियों के विरुद्ध धारा-115(2), 352, 351(2) बीएनएस व बढोत्तरी धारा-103(1), 110, 191(2) बीएनएस का अभियोग पंजीकृत करते हुए 6 फरवरी को थाना स्थानीय पुलिस टीम द्वारा उक्त घटना में शामिल वांछित अभियुक्त प्रमोद कुमार यादव पुत्र श्यामधर यादव, संदीप कुमार यादव पुत्र श्यामसुंदर यादव व कलंदर यादव पुत्र स्व.रामबदन यादव निवासी बिहरोजपुर को गुलौरी गांव से गिरफ्तार कर लिया था। अभियुक्तों के निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे की पाइप बरामद किया गया था। आज स्थानीय थाना की पुलिस टीम ने वांछित अक्षय यादव उर्फ जितेंद्र कुमार यादव पुत्र नागेंद्र यादव निवासी ग्राम विहरोजपुर थाना गोपीगंज जनपद भदोही को कौलापुर रेलवे क्रासिंग से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।







