PRAYAGRAJ NEWS: अखिलेश यादव मुंगेरी लाल के जो हसीन सपने देख रहे हैं 2027 में वे चारों खाने चित्त हो जाएंगे और सैफई जाएंगे। गुरुवार को लखनऊ रवाना होने से पूर्व सर्किट हाउस में पार्टी कार्यकर्ताओं से रूबरू होते हुए डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने ये बातें कहीं। उन्होंने कहा कि यदि पश्चिम बंगाल की जनता ने निडर होकर मतदान किया तो पश्चिम बंगाल में 2026 में भाजपा की ऐतिहासिक जीत होगी। समाजवादी पार्टी का काम समाज को आपस में लड़ाने का है। घाव में नमक डालने का काम करती है समाजवादी पार्टी। उत्तर प्रदेश में यदि किसी बहन बेटी के साथ अपराध होता है उसके खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई की जाएगी। सत्ता वियोग में व्याकुल हैं अखिलेश। लेकिन 2027 ही नहीं 2047 तक उनका ये वियोग बना रहेगा। वे चाहे अकेले चुनाव लड़ लें या बसपा व कांग्रेस के साथ मिलकर। खिलेगा कमल ही। सुशासन का राज रहेगा। कानून व्यवस्था का राज रहेगा। कोई भी माता बहन समाजवादी पार्टी की साइकिल का बटन दबाकर अपनी सुरक्षा को खतरे में नहीं डालेगी। सब जानते हैं कि यदि साइकिल की बटन दबाया तो उत्तर प्रदेश की सुरक्षा खतरे में पड़ जाएगी। पलायन बढ़ जाएगा। गंगापार अध्यक्ष निर्मला पासवान, यमुनापार अध्यक्ष राजेश शुक्ल, अवधेश गुप्ता, रणजीत सिंह, मृत्युंजय तिवारी श्याम चंद्र, विक्रमजीत भदौरिया, आनंद सोनकर, आनंद श्रीवास्तव प्रवक्ता पवन श्रीवास्तव, विवेक मिश्रा, उमेश तिवारी कुशाग्र श्रीवास्तव आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







