JHANSI NEWS: उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी)-2026 के अंतिम दिन शनिवार को जनपद के 20 परीक्षा केंद्रों पर एक पाली में परीक्षा शांतिपूर्ण, नकलविहीन और सुचिता के साथ संपन्न हुई। परीक्षा के दौरान प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित की। नोडल अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) शिव प्रताप शुक्ल तथा पुलिस अधीक्षक नगर प्रीति सिंह ने नेशनल हाफिज सिद्दीकी स्कूल समेत कई परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रवेश पत्रों की गहन जांच, फ्रिस्किंग, सीसीटीवी कैमरों और वॉइस रिकॉर्डर की व्यवस्था का सत्यापन किया। साथ ही पेयजल, विद्युत आपूर्ति एवं अभ्यर्थियों के सामान सुरक्षित रखने जैसी व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी परीक्षार्थी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लेकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश न करे तथा डुप्लीकेट अभ्यर्थियों की किसी भी स्थिति में परीक्षा में सहभागिता न होने पाए। शनिवार को सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित परीक्षा में कुल 6,477 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 5,814 अभ्यर्थी उपस्थित हुए, जबकि 663 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा में 89.76 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई। परीक्षा के सफल संचालन के लिए सभी 20 केंद्रों पर केंद्र व्यवस्थापक, स्टैटिक मजिस्ट्रेट एवं विभागीय पर्यवेक्षक तैनात किए गए थे। प्रशासन द्वारा लगातार परीक्षा केंद्रों की निगरानी की गई, जिससे परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। परीक्षा सकुशल संपन्न होने पर नोडल अधिकारी ने पुलिस, प्रशासन एवं सभी परीक्षा केंद्रों के व्यवस्थापकों और विद्यालय प्रशासन का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। निरीक्षण के दौरान उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज के नामित प्रेक्षक सहित संबंधित अधिकारी एवं केंद्र व्यवस्थापक भी उपस्थित रहे।







