Home आस्था 186 वर्ष पुराने जगन्नाथ मंदिर से 16 जुलाई को निकलेगी भगवान जगन्नाथ...

186 वर्ष पुराने जगन्नाथ मंदिर से 16 जुलाई को निकलेगी भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा

15 जुलाई को बाजारों में श्रद्धालुओं को पीले चावल देकर दिया जाएगा आमंत्रण, इस्कॉन भक्तों के संकीर्तन से गूंजेगा शहर

JHANSI NEWS: महानगर के गोला कुआं स्थित 186 वर्ष प्राचीन श्री भगवान जगन्नाथ स्वामी मंदिर से 16 जुलाई (गुरुवार) को शाम 5 बजे भगवान जगन्नाथ, बलभद्र एवं माता सुभद्रा की भव्य रथयात्रा श्रद्धा और उल्लास के साथ निकाली जाएगी। रथयात्रा की सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं और समिति द्वारा इसे भव्य एवं आकर्षक स्वरूप देने के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। भगवान जगन्नाथ स्वामी मंदिर सेवा समिति के अध्यक्ष संजय नौराई, पंडित पीयूष रावत एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता मनमोहन गेडा ने संयुक्त रूप से बताया कि ब्रह्म पुराण, नारद पुराण एवं स्कंद पुराण सहित अनेक धार्मिक ग्रंथों में भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा का विशेष महत्व बताया गया है। मान्यता है कि श्रद्धा एवं भक्ति भाव से रथयात्रा में शामिल होने और भगवान के रथ की रस्सी खींचने से भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं तथा उन्हें विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है। उन्होंने बताया कि रथयात्रा से पूर्व दोपहर में भगवान को छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा तथा मंदिर में आकर्षक फूल बंगला सजाया जाएगा। सायं 5 बजे महाआरती के पश्चात भगवान जगन्नाथ का दिव्य रथ नगर भ्रमण के लिए रवाना होगा। रथयात्रा में इस्कॉन मंदिर के भक्तों द्वारा हरिनाम संकीर्तन एवं भजन-कीर्तन की प्रस्तुति दी जाएगी, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठेगा। आयोजकों के अनुसार भगवान जगन्नाथ स्वामी का विशेष शृंगार एवं मंदिर की भव्य सजावट उत्कर्ष वर्मा और शिवाली नौराई द्वारा की जाएगी। रथयात्रा गोला कुआं मंदिर से प्रारंभ होकर गांधीगर का टपरा, सराफा बाजार, मानिक चौक, सुभाष गंज, बड़ा बाजार, कोतवाली की ढाल सहित प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंचेगी। मार्ग में विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं व्यापारिक संगठनों द्वारा पुष्पवर्षा, आरती एवं प्रसाद वितरण के साथ भव्य स्वागत किया जाएगा। समिति ने बताया कि रथयात्रा में श्रद्धालु भगवान के रथ को रस्सियों से खींचने का सौभाग्य प्राप्त करेंगे। वहीं 15 जुलाई को शाम 5:30 बजे समिति के सदस्य शहर के प्रमुख बाजारों में जाकर श्रद्धालुओं एवं व्यापारियों को पारंपरिक रूप से पीले चावल देकर रथयात्रा में शामिल होने का निमंत्रण देंगे। इस अवसर पर महेंद्र भंडारी, दुर्गा उत्सव समिति के अध्यक्ष पुरुषोत्तम स्वामी, रवीश त्रिपाठी, सत्येंद्र पुरी गोस्वामी, राघव वर्मा, प्रभात शर्मा, धीर सिंह राठौड़, हर्ष लखकार, पवन गुप्ता, ध्रुव नौराई, अमन नौराई, विनोद हयारण सहित अनेक श्रद्धालु एवं समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे। अंत में शिवा नौराई ने सभी का आभार व्यक्त किया।