FATEHPUR NEWS: किसान पार्टी उत्तर प्रदेश की मासिक बैठक रविवार को जीटी रोड स्थित पार्टी कैंप कार्यालय में जिलाध्यक्ष भोला सिंह पटेल की अध्यक्षता में हुई। बैठक में किसानों की विभिन्न समस्याओं के साथ हुसैनगंज थाना और खागा कोतवाली में कथित भ्रष्टाचार के मुद्दे पर चर्चा की गई। जिलाध्यक्ष भोला सिंह पटेल ने प्रदेश अध्यक्ष रणजीत सिंह पटेल को हुसैनगंज थाना और खागा कोतवाली से जुड़ी समस्याओं की जानकारी दी। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों थानों में भ्रष्टाचार की शिकायतें सामने आ रही हैं। साथ ही दोषियों को बचाने और लोगों के उत्पीड़न के आरोप भी लगाए गए। बैठक में पीके उमराव ने किसानों को खाद की समस्या, महंगी खाद और कथित खाद घोटाले का मुद्दा उठाया। किसानों ने खाद की उपलब्धता सुनिश्चित कराने और समस्याओं का समाधान कराने की मांग की। बैठक में निर्णय लिया गया कि यदि 15 दिनों के भीतर किसानों की समस्याओं और थानों से जुड़ी शिकायतों का समाधान नहीं हुआ तो पार्टी व्यापक आंदोलन करेगी। इस दौरान संबंधित मामलों की जांच कराने और दोनों थानों के एसएचओ को हटाने की मांग भी की जाएगी। इसके अलावा चितौरा सनगांव में जलभराव की समस्या पर भी चर्चा हुई। किसानों का कहना है कि हर वर्ष जलभराव के कारण हजारों बीघा धान की फसल प्रभावित होती है। पार्टी पदाधिकारियों ने संबंधित अधिकारियों से मिलकर गंदे नाले को पक्का कराने तथा जेपी पब्लिक स्कूल के पास जाम बड़ी पुलिया की सफाई कराकर जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग करने की बात कही। बैठक में माधव सिंह, दिनेश पटेल, राकेश कुमार एडवोकेट, फूलचंद लोधी, दलजीत सिंह, जननायक सचान एडवोकेट, जय सिंह उर्फ लल्लू, राम प्रसाद, संजय और विनय सिंह समेत बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।







