भाजपा की मासिक बैठक में जून माह के कार्यक्रमों की रूपरेखा तय, पदाधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारियां
FATEHPUR NEWS: भारतीय जनता पार्टी के जेल रोड स्थित जिला कार्यालय में गुरुवार को जून माह की संगठनात्मक मासिक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव ने की। बैठक में आगामी संगठनात्मक अभियानों एवं कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा करते हुए जिला पदाधिकारियों एवं मोर्चा अध्यक्षों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं। जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव ने कहा कि केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में “12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” अभियान के तहत 5 जून से 21 जून तक विभिन्न जनहित एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान को सफल बनाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जुटने का आह्वान किया। बैठक में बताया गया कि 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम की जिम्मेदारी मधुराज विश्वकर्मा एवं प्रसून तिवारी को सौंपी गई है। वहीं 8 जून से 14 जून तक चलने वाले विशेष जनसंपर्क अभियान का दायित्व कुलदीप भदौरिया एवं सुमित द्विवेदी को दिया गया है। स्वच्छता अभियान के लिए विमलेश पांडेय एवं धर्मेंद्र प्रताप सिंह को जिम्मेदारी दी गई, जबकि प्रगति पथ यात्रा के संचालन का दायित्व अरिमर्दन सिंह को सौंपा गया। 13 जून को प्रस्तावित जिला स्तरीय मीडिया संवाद कार्यक्रम का संचालन मीडिया प्रभारी प्रवीण सिंह करेंगे। 14 से 16 जून के मध्य आयोजित होने वाले ब्लॉक स्तरीय जनकल्याण शिविरों की जिम्मेदारी पंकज त्रिपाठी को दी गई है। बैठक में यह भी तय किया गया कि 17 जून को आयोजित होने वाले जिला स्तरीय विकसित भारत संकल्प सम्मेलन का संचालन सुनीता गुप्ता एवं प्रदीप गर्ग की देखरेख में किया जाएगा। इसी दिन आयोजित प्रदर्शनी कार्यक्रम की जिम्मेदारी पुष्पराज पटेल, अजय सिंह एवं रिंकू लोहारी को सौंपी गई है। 19 जून को आयोजित प्राकृतिक खेती कार्यक्रम का संचालन नीरज सिंह एवं विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में होगा। वहीं अभियान के अंतिम चरण में 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित कार्यक्रमों की जिम्मेदारी कमलेश योगी, रेखा सरोज एवं राजेश जनसेवक निभाएंगे। सम्पूर्ण अभियान के जिला संयोजक के रूप में उदय लोधी को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जो पूरे कार्यक्रम का पर्यवेक्षण एवं समन्वय करेंगे। बैठक में सभी जिला पदाधिकारी, मोर्चा अध्यक्ष एवं संगठन के वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







