MIRZAPUR NEWS: (सुनील कुमार गुप्ता) सोमवार को ग्राम पंचायत पड़रवा, विकासखंड राजगढ़,मंडल राजगढ़,विधानसभा मड़िहान में त्वरित आर्थिक विकास योजना अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 में स्वीकृत महत्वपूर्ण सड़क परियोजना का शिलान्यास पूर्व मंत्री एवं मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल द्वारा विधि-विधान एवं पूजा-अर्चना के साथ किया गया। यह सड़क ग्राम निबिया में मुख्य नहर से राम नरेश विश्वकर्मा के घर से होते हुए इंद्रमन पाल के घर (रामपुर बरहो) तक निर्मित की जाएगी। लगभग 2.05 किलोमीटर लंबाई वाले इस पक्के मार्ग का निर्माण ग्रामीण अभियंत्रण विभाग,मिर्जापुर द्वारा कराया जाएगा, जिसकी कुल स्वीकृत लागत 1 करोड़ 5 लाख है। इस अवसर पर विधायक रमाशंकर सिंह पटेल ने कहा कि क्षेत्र के ग्रामीणों द्वारा लंबे समय से इस मार्ग के निर्माण की मांग की जा रही थी। बरसात के दिनों में आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, जिससे विद्यार्थियों,किसानों, महिलाओं एवं आम नागरिकों को परेशानी होती थी। जनता की मांग को गंभीरता से लेते हुए इस सड़क के निर्माण हेतु प्रयास किया गया और आज उसका शिलान्यास संपन्न हुआ। उन्होंने कहा कि सड़क, बिजली,पानी,शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस सड़क के निर्माण से क्षेत्र के कई गांवों के लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी,कृषि कार्यों में सहूलियत होगी तथा ग्रामीण क्षेत्र के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को नई गति प्राप्त होगी। विधायक ने निर्माणदायी संस्था के अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्य निर्धारित समय सीमा में उच्च गुणवत्ता एवं मानकों के अनुरूप पूर्ण कराया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को एक टिकाऊ और गुणवत्तापूर्ण सड़क उपलब्ध हो सके। मार्ग निर्माण की स्वीकृति एवं शिलान्यास से क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल रहा। ग्रामीणों ने विधायक के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सड़क क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। इस अवसर पर पूर्व मंडल अध्यक्ष प्रवीण कुमार पांडेय,कृष्णा तिवारी, सहेंद्र मौर्य, राम नरेश विश्वकर्मा, इंद्रमन पाल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता,गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।







