JAUNPUR NEWS: जिले में बढ़ती गर्मी और हीट वेव के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल के निर्देश पर आमजन को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और स्वास्थ्य संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की है। डीएम सैमुअल पॉल ने कहा कि भीषण गर्मी और लू के दौरान थोड़ी सी लापरवाही स्वास्थ्य पर गंभीर असर डाल सकती है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि अत्यधिक गर्मी में अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें तथा शरीर में पानी की कमी न होने दें डीएम ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा हीट वेव से बचाव को लेकर जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, धूप में निकलते समय छाता, टोपी या गमछे का प्रयोग करने तथा हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने की सलाह दी गई है। साथ ही ताजे फल, सब्जियां और तरल पदार्थों का अधिक सेवन करने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को तेज सिरदर्द, चक्कर, उल्टी, अत्यधिक पसीना, कमजोरी या बेहोशी जैसी समस्या महसूस हो तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें। प्रशासन ने सभी स्वास्थ्य केंद्रों और संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन ने आपात स्थिति में कंट्रोल रूम और स्वास्थ्य सेवाओं के हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं, ताकि जरूरतमंद लोगों को तत्काल सहायता मिल सके।







