KUSHINAGAR NEWS: जनपद के हाटा कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत लोहरिया गांव में बिजली मरम्मत कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। 11 हजार वोल्ट की हाइटेंशन लाइन पर काम कर रहे संविदा लाइनमैन करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार लोहरिया गांव निवासी सत्यनारायण पुत्र परदेसी संविदा लाइनमैन के रूप में कार्य करता है। बताया जा रहा है कि बिजली लाइन के मरम्मत कार्य के लिए शट-डाउन लिया गया था। इसी दौरान लाइन पर अचानक करंट दौड़ गया, जिससे सत्यनारायण गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। जहाँ डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। परिजनों ने आरोप लगाया कि एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंची, जिसके चलते घायल लाइनमैन को निजी वाहन से गोरखपुर ले जाना पड़ा। घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि शट-डाउन होने के बावजूद 11 हजार वोल्ट की लाइन में करंट कैसे आ गया। मामले को लेकर विभागीय लापरवाही की चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।







