जेई की लापरवाही से हरना गली में मचा हाहाकार
MIRZAPUR NEWS: (सुनील कुमार गुप्ता) भीषण गर्मी के बीच थाना कटरा कोतवाली क्षेत्र की हारना गली में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। मंगलवार सुबह करीब 7 बजे से इलाके में बिजली खराब पड़ी है, जिससे लोग भीषण गर्मी में परेशान हो रहे हैं। तकनीकी खराबी होने की वजह से अंधेरा छाया हुआ हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इसे गंभीरता से नहीं ले रहे। स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह ही बिजली विभाग को सूचना दे दी गई थी, लेकिन पूरे दिन किसी ने सुध नहीं ली। देर रात कुछ विद्युत कर्मचारी मौके पर पहुंचे जरूर, लेकिन खराबी को ठीक करने में असफल रहे और अधूरा काम छोड़कर वापस लौट गए। इससे आधे से अधिक घरों में अब भी अंधेरा छाया हुआ है, जबकि कुछ घरों में ही बिजली आ पा रही है। सबसे हैरानी की बात यह है कि क्षेत्र के जूनियर इंजीनियर (जेई) ने अपना मोबाइल फोन तक स्विच ऑफ कर लिया, जिससे उपभोक्ताओं की परेशानी और बढ़ गई। लोगों का कहना है कि जब जिम्मेदार अधिकारी ही संपर्क से बाहर हो जाएं, तो आम जनता अपनी समस्या किससे कहे। भीषण गर्मी में छोटे बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। बिना बिजली के न पंखे चल पा रहे हैं और न ही पानी की पर्याप्त व्यवस्था हो पा रही है। लोगों में बिजली विभाग के प्रति भारी आक्रोश है। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बिजली व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश दिए हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर उनकी अनदेखी साफ दिखाई दे रही है। स्थानीय निवासियों ने जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई करने और जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है।







