Home उत्तर प्रदेश स्मृति अलंकरण समारोह में आदर के साथ याद किये गये स्वर्गीय चंद्रदीप...

स्मृति अलंकरण समारोह में आदर के साथ याद किये गये स्वर्गीय चंद्रदीप तिवारी

KUSHINAGAR NEWS: नगर पालिका परिषद कुशीनगर के वीर अब्दुल हमीद नगर स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय भलुही मदारी पट्टी में शनिवार को नयी दिशा पर्यावरण सेवा संस्थान द्वारा स्थानीय निवासी रहे स्वर्गीय पंडित चंद्रदीप तिवारी की पुण्यतिथि के अवसर पर परिजनों के सहयोग से स्मृति अलंकरण समारोह का आयोजन कर उन्हें आदर पूर्वक याद करते हुए सत्र 2024-25 में कक्षा 6, 7 व 8 में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले अनामिका भारती, मनीष गुप्ता व गुंजन गुप्ता को स्मृति चिह्न , मेडल और प्रमाणपत्र से सम्मानित किया गया एवं सभी विद्यार्थियों को कॉपी, कलम आदि शिक्षण सामग्री भेंट कर पढ़ने व आगे बढ़ने हेतु प्रोत्साहित किया गया। इस दौरान विद्यालय में पौधरोपण भी हुआ। कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के रूप में सम्बोधित करते बुद्ध पीजी कॉलेज कुशीनगर के प्राचार्य प्रोफेसर विनोद मोहन मिश्र ने कहा कि यदि लगन हो तो शिक्षा संसाधनों का मोहताज नहीं होती। परिषदीय विद्यालयों में संसाधन से कमजोर विद्यार्थी ही आते हैं अगर इस तरह के कार्यक्रमों से उनको प्रोत्साहन मिलता है तो निश्चित ही उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि प्राथमिक शिक्षा का महत्व उच्च शिक्षा से ज्यादा है क्योंकि ये हमारे व्यक्तित्व और ज्ञान की नींव है। अध्यक्षता करते पूर्व प्राचार्य प्रोफेसर अमृतांशु शुक्ल ने कहा कि शिक्षा जीवन का सबसे महत्वपूर्ण अंग है। शिक्षा के बल पर ही हम समाज में महत्व पाने के हकदार बन सकते हैं। विद्यार्थियों को इसपर विशेष ध्यान देना चाहिए। टॉपर्स को इस तरीके से सम्मानित होते देखकर अन्य विद्यार्थियों को प्रेरणा मिलती है और उनमें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का निर्माण होता है जो कि उनके आगे बढ़ने के लिए बहुत जरूरी है। कार्यक्रम की प्रस्ताविकी स्वर्गीय चंद्रदीप तिवारी के पौत्र प्रोफेसर गौरव तिवारी ने रखी। संचालन नयी दिशा सचिव डॉ0 हरिओम मिश्र एवं अतिथियों का स्वागत व आभार ज्ञापन प्रधानाध्यापिका डॉ0 प्रतिभा तिवारी ने किया। इस अवसर पर शिक्षक नेता राजेश शुक्ल, सभाषद प्रतिनिधि शैलेन्द्र त्रिपाठी, डॉ0 निगम मौर्य, डॉ0 शत्रुघ्न सिंह, डॉ0 सौरभ द्विवेदी, हरीन्द्र चौरसिया, कृष्णमोहन, अभिषांक शर्मा, अक्षर शांडिल्य, अभिधा शांडिल्य, सुदर्शन, सुमित्रा देवी, रमावती देवी, नयी दिशा उपाध्यक्ष इंद्र कुमार मिश्र आदि उपस्थित रहे।