कॉलेज के ओल्ड ब्वॉयज क्रिकेटर्स ने दिया आठ लाख रुपये का चेक
कॉलेज गेट से खुली कार में घर तक पहुंचाने गये उनके शागिर्द
PRAYAGRAJ NEWS: मजीदिया इस्लामिया इंटर कॉलेज में अपनी 33 साल की सेवा पूरी करने के बाद मंगलवार को सेवानिवृत हुए क्रीड़ाध्यक्ष एवं शारीरिक शिक्षा प्रवक्ता अकील अब्बास रिजवी को कॉलेज के पूर्व क्रिकेटरों, हॉकी खिलाड़ियों और शहर की खेल जगत की हस्तियों ने यादगार विदाई दी। कॉलेज के मैदान पर आयोजित कार्यक्रम में प्रधानाचार्य अब्दुल रहमान खान, इलाहाबाद विश्वविद्यालय के पूर्व क्रिकेट कोच देवेश मिश्र, वरिष्ठ हॉकी खिलाड़ी हफीज उल्ला, हॉकी इलाहाबाद के उपसचिव शाहिद कमाल खान, पूर्व रणजी क्रिकेटर राकेश मिश्र, कॉलेज के शिक्षक मोहम्मद जावेद, सईद फैज अंसारी और शमा बानो ने अकील अब्बास को माल्यार्पण एवं पुष्पगुच्छ देकर उनकी कार्यकाल की उपलब्धियों की जानकारी दी। अकील अब्बास ने भी कालेज में अपने 33 वर्ष के अनुभव को साझा किया। कॉलेज की तरफ से उन्हें स्मृति चिन्ह् एवं ओल्ड ब्वॉयज क्रिकेटर्स एसोसिएशन के नदीम अहमद, जुनैद अहमद, मोहम्मद आरिफ और अन्य सदस्यों की तरफ से आठ लाख रुपये का चेक भेंट किया गया। कार्यक्रम के बाद खिलाड़ियों ने उन्हें कॉलेज गेट से घर तक खुली कार में पहुंचाया। कार्यक्रम का संचालन रेहान वारिस ने किया। इस दौरान कुतुबुद्दीन, शाहबाज अली, जुल नुरैन, अरबाब अहमद, रियाज खान, खुर्शीद अहमद राईन, क़र्रार रजा, मुकेश भारतीय, मोहम्मद नबी, मोहम्मद आरिफ और क्रिकेट एवं हॉकी के प्रशिक्षु उपस्थित रहे।








