Home उत्तर प्रदेश सिद्धार्थनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 60 लाख की स्मैक संग दो अभियुक्त...

सिद्धार्थनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 60 लाख की स्मैक संग दो अभियुक्त दबोचे

एसओजी और पुलिस की संयुक्त टीम को मिली सफलता, नेपाल ले जाई जा रही थी खेप

SIDHARTHNAGAR NEWS: जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सिद्धार्थनगर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने जमुआर नाला के पास घेराबंदी कर एक स्विफ्ट कार से 308 ग्राम अवैध स्मैक (हेरोइन) बरामद की है। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 60 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मौके से दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर तस्करी में प्रयुक्त कार व दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक व क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक मिथिलेश कुमार राय व एसओजी प्रभारी चंद्रकांत पांडेय की संयुक्त टीम मंगलवार देर रात संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सटीक सूचना पर टीम ने जमुआर नाला के पास आ रही स्विफ्ट कार (यूपी 55 एएस 5493) को रोककर तलाशी ली, तो वाहन के भीतर से स्मैक की यह बड़ी खेप बरामद हुई। पुलिस ने मौके से ही दोनों अभियुक्तों को अभिरक्षा में ले लिया। पुलिस गिरफ्त में आए अभियुक्तों की पहचान अनिल निषाद (27 वर्ष) निवासी ग्राम मदरहना उर्फ रामनगर (थाना कपिलवस्तु) तथा कोमल निषाद (53 वर्ष) निवासी वार्ड नंबर-5, अंबेडकर नगर, मोगलहा (थाना उसका बाजार, जनपद सिद्धार्थनगर) के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने कुबूल किया कि वे अवैध रूप से स्मैक की खरीद-फरोख्त कर आर्थिक लाभ कमाते हैं और इस खेप को बिक्री के लिए सरहद पार नेपाल ले जा रहे थे। इस संबंध में जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि दोनों अभियुक्तों के खिलाफ थाना सिद्धार्थनगर में मु.अ.सं. 191/2026 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम अब इस अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़े अन्य कड़ियों और उनके स्थानीय संपर्कों की गहनता से पड़ताल कर रही है।