PRATAPGARH NEWS: सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल एक सौ सत्तर शिकायतों में अफसरो ने ग्यारह का निस्तारण कराया। अपर जिलाधिकारी की अध्यक्षता मे हुए समाधान दिवस मे सर्वाधिक शिकायतें राजस्व की साठ, पुलिस पचपन, विकास चौदह, विद्युत विभाग दस व आपूर्ति पांच तथा समाज कल्याण की एक के साथ अन्य विभागों की इक्कीस रहीं। सांगीपुर विकासखण्ड के नसीरपुर निवासी रणजीत सिंह ने दिये गये शिकायती पत्र में ग्राम पंचायत मे विभिन्न स्थानों पर लगे इण्डिया मार्का हैण्डपम्प के रिबोर को लेकर वित्तीय अनियमितता की बात कही। इस पर एडीएम ने डीपीआरओ को स्थलीय निरीक्षण कर कार्रवाई के निर्देश दिये हैं। वहीं अधिवक्ता प्रदीप वर्मा ने दिये गये शिकायती पत्र में कहा है कि अधिकांश गांवों मे खतौनी पर किसानों का अंश निर्धारित न होने के कारण फार्मर रजिस्ट्री में कठिनाई हो रही है। एसडीएम लालगंज वाचस्पति सिंह ने शिकायत पर लेखपालों को तलब कर समाधान न होने की दशा मे वेतन रोके जाने की चेतावनी दी है। अन्य शिकायती प्रार्थना पत्रों पर भी सुनवाई करते हुए एडीएम ने मौके पर निस्तारण के कड़े निर्देश दिये। पुलिस से जुडी शिकायतो की सुनवाई सीओ राजीव द्विवेदी ने किया। इस मौके पर एडीएम आदित्य कुमार प्रजापति, नायब तहसीलदार वीरेन्द्र कुमार मिश्र, एसडीओ विद्युत आशुतोष कुमार, वन क्षेत्राधिकारी प्रेमचंद्र मिश्र, अधीक्षक डा0 अरविंद गुप्ता, पूर्ति निरीक्षक अमित शुक्ला आदि रहे।







