PRATAPGARH NEWS: विभिन्न समस्याओं को लेकर अधिवक्ताओं ने सोमवार को तहसील परिसर में नाराजगी जताते हुए तहसीलदार को समाधान के बाबत ज्ञापन सौंपा। वकीलों ने इसके पहले तहसील परिसर में प्रशासनिक लापरवाही को लेकर नारेबाजी के साथ नाराजगी भी जतायी। हालांकि तहसील में न्यायिक कामकाज सुचारू रूप से हुआ भी दिखा। इधर संयुक्त अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों ने भी तहसीलदार से मिलकर समस्याओं के समाधान को लेकर समयबद्ध कार्रवाई पर जोर दिया। संयुक्त अधिवक्ता संघ के पूर्व अध्यक्ष अनिल त्रिपाठी महेश तथा पूर्व वरिष्ठ उपाध्यक्ष अम्बुज पाण्डेय व पूर्व अध्यक्ष देवी प्रसाद मिश्र की संयुक्त अगुवाई में वकीलों ने समस्याओं को लेकर तहसीलदार गरिमा वर्मा को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि एसडीएम कोर्ट में पत्रावलियों में आदेश में विलम्ब होने के कारण वादकारियों को कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं ज्ञापन में किसानों की खतौनी में व्यापक त्रुटियों पर नाराजगी जताते हुए इसके दुरूस्त कराए जाने की भी मांग उठाई गयी है। ज्ञापन में जन्म व मृत्यु प्रमाण पत्र की प्रक्रिया में अनावश्यक विलम्ब को लेकर भी वकीलों ने समाधान की मांग उठाई है। इसके पहले अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर में प्रशासनिक लापरवाही को लेकर नाराजगी जतायी। ज्ञापन देने वालों में ज्ञानप्रकाश शुक्ल, शैलेन्द्र शुक्ला, अशोक शुक्ल, सुशील शुक्ल, अनिल मिश्र, हरकेश पटेल, विपिन शुक्ल, प्रमोद सिंह, लाल विनोद प्रताप सिंह आदि रहे। इधर संयुक्त अधिवक्ता संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अबरार अहमद खान तथा उपाध्यक्ष नामवर सिंह ने भी तहसीलदार से मिलकर संघ की ओर से विभिन्न बिंदुओं पर पत्रक सौंपकर समयबद्ध समाधान पर जोर दिया है।







