Home अमेठी सड़क पर लापरवाही = मौत को न्योता पुलिस ने छात्रों को सिखाया...

सड़क पर लापरवाही = मौत को न्योता पुलिस ने छात्रों को सिखाया जिंदगी बचाने का मंत्र

हेलमेट-सीट बेल्ट अनिवार्य, मोबाइल पर ड्राइविंग और तेज रफ्तार से दूर रहने की दी नसीहत
AMETHI NEWS: थाना क्षेत्र के सरूवांवां गांव स्थित विद्या शिक्षण संस्थान इंटर कॉलेज में बुधवार को यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत त्रिपाठी ने छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा के नियमों का सख्ती से पालन करने की नसीहत दी। प्रभारी निरीक्षक ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जरा सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। उन्होंने छात्रों को हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, तय गति सीमा में वाहन चलाने, नशे की हालत में ड्राइविंग से बचने और मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए वाहन न चलाने की कड़ी हिदायत दी। उन्होंने कहा कि सड़क पर नियम तोड़ना सीधे-सीधे अपनी जिंदगी से खिलवाड़ करना है। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और यातायात नियमों से जुड़े सवाल पूछे, जिनका प्रभारी निरीक्षक ने सरल और प्रभावी ढंग से जवाब दिया। इस दौरान सड़क सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विशेष जोर दिया गया। विद्यालय प्रशासन ने कार्यक्रम को बेहद उपयोगी बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन छात्रों में जिम्मेदारी और जागरूकता बढ़ाने में अहम भूमिका निभाते हैं। इस मौके पर प्रबंधक सुधीर द्विवेदी, प्रधानाचार्या साधना द्विवेदी समेत समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहीं।