बाबा घुइसरनाथ धाम सुन्दरकाण्ड आयोजन समिति के तत्वाधान में हुए भण्डारे में भक्तों ने चखा प्रसाद
PRATAPGARH NEWS: पौराणिक स्थली बाबा घुइसरनाथ धाम में सामूहिक संगीतमयी सुन्दरकाण्ड के सात वर्ष पूर्ण होने को लेकर मंगलवार की देर शाम भजन संध्या एवं आरती का भव्य आयोजन हुआ। वहीं आयोजन में योगदान के लिए विशिष्टजनों को सम्मानित भी किया गया। दिल्ली से आये प्रख्यात भजन गायक पंकज मिश्र ने महादेव शंकर हैं जग से निराले तथा बोल बम जैसे मनमोहक भजनों की प्रस्तुतियां दी। कार्यक्रम के संयोजक एवं बाबा घुइसरनाथ धाम सुन्दरकाण्ड आयोजन समिति के अध्यक्ष सुधीर तिवारी ने सात वर्षो से संगीतमयी सुन्दरकाण्ड के आयोजन को निरंतर जारी रखने की घोषणा की। भजन संध्या में जुटे शिवभक्तों ने सांस्कृतिक मंच पर श्रीराम दरबार एवं हनुमान जी महराज की भव्य आरती भी उतारी। आयोजन समिति की ओर से सुधीर तिवारी, संजीत तिवारी व रवि शुक्ला ने आईपीएस अधिकारी सर्वेश मिश्र, हाईकोर्ट के अधिवक्ता प्रशांत त्रिपाठी, आरएसएस के विभाग प्रचारक ओमप्रकाश, अधिवक्ता ज्ञानप्रकाश शुक्ल, समाजसेवी अभिषेक मिश्र व भजन गायक पंकज मिश्र को भगवान घुइसरनाथ जी का चित्र भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम को लेकर श्रद्धालुओं ने देर रात तक भगवान का महाप्रसाद भी ग्रहण किया। इस मौके पर एसएन त्रिपाठी, राजेन्द्र पाण्डेय, अमित विक्रम सिंह, सुशील नारायण तिवारी, विष्णु सिंह, सूरज शुक्ला, सुधांशु शुक्ला, अनुराग पाण्डेय, विनय सिंह, राहुल मिश्र, सुशील सिंह आदि रहे।







