Home आस्था श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर जिला प्रशासन रहा पूरी तरह मुस्तैद,...

श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर जिला प्रशासन रहा पूरी तरह मुस्तैद, शिवालयों में श्रद्धालुओं को मिली सुगम एवं सुरक्षित व्यवस्था

BHADHAOI NEWS: श्रावण मास के प्रथम सोमवार के अवसर पर जनपद के प्रमुख शिवालयों में उमड़े श्रद्धालुओं एवं कांवरियों की सुविधा, सुरक्षा तथा सुगम दर्शन-पूजन सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन पूरे दिन पूरी तरह सक्रिय एवं मुस्तैद रहा। जिलाधिकारी शैलेष कुमार के निर्देशन में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने प्रमुख शिव मंदिरों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, यातायात प्रबंधन, पेयजल, बैरिकेडिंग तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। जनपद के प्रमुख शिवालयों एवं कांवड़ मार्गों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई। श्रद्धालुओं के सुरक्षित आवागमन, सुचारु यातायात संचालन तथा शांतिपूर्ण जलाभिषेक के लिए व्यापक एवं प्रभावी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। मंदिर परिसरों एवं आसपास के क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध रहीं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा। उपजिलाधिकारी ज्ञानपुर अरुण दीक्षित ने बड़े शिव मंदिर, गोपीगंज, सेमराधनाथ धाम तथा हरिहरनाथ मंदिर, ज्ञानपुर का संबंधित क्षेत्राधिकारी, पुलिस बल, अधिशासी अधिकारी, मंदिर समिति, ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं अन्य अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं तथा श्रद्धालु शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण में भगवान शिव का जलाभिषेक करते रहे। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि श्रावण मास के प्रत्येक सोमवार को श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। मंदिर परिसरों एवं कांवड़ मार्गों पर सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात प्रबंधन तथा आवश्यक जनसुविधाओं की सतत निगरानी रखी जाए, जिससे प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं श्रद्धामय वातावरण में दर्शन-पूजन का अवसर प्राप्त हो। जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें, ताकि सभी श्रद्धालु शांतिपूर्ण एवं सुचारु रूप से भगवान शिव के दर्शन एवं जलाभिषेक का पुण्य लाभ प्राप्त कर सकें।