JAUNPUR NEWS: अटेवा पेंशन बचाओ मंच जौनपुर के पदाधिकारियों ने 2011 से पूर्व नियुक्त बेसिक शिक्षकों पर टीईटी की अनिवार्यता समाप्त करने की मांग को लेकर जिला मुख्यालय पर सांसद, राज्यसभा सांसद और विधायकों को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन कार्यक्रम डाक बंगले पर हुआ, जिसमें संगठन के पदाधिकारी व सैकड़ों शिक्षक शामिल हुए। इस दौरान विधायक पंकज पटेल ने शिक्षकों का समर्थन करते हुए कहा कि उनके हक की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक लड़ी जाएगी। उन्होंने कहा कि 2011 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों पर टीईटी की अनिवार्यता थोपना न केवल अनुचित है बल्कि यह उनके भविष्य और सम्मान से भी जुड़ा हुआ मामला है। विधायक ने भरोसा दिलाया कि शिक्षकों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। अटेवा के जिला पदाधिकारियों ने भी कहा कि टीईटी की अनिवार्यता खत्म करना समय की मांग है। संगठन ने राज्य एवं केंद्र सरकार से इस मामले में शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष चंदन सिंह, इन्दु प्रकाश यादव, नन्द लाल पुष्पक, राजेश उपाध्याय, आशीष लोहिया, अशोक यादव, दीपक कुमार मौर्या, प्रदीप उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे।







