MIRZAPUR NEWS: (सुनील कुमार गुप्ता) भाजपा जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज के निर्देश पर जिला उपाध्यक्ष गौरव ऊमर ने बुधवार को मिर्जापुर के गौरा गांव पहुंचकर मातृभूमि की रक्षा में प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीद वीर रवि सिंह, सेना पदक के पूज्य पिता संजय सिंह का चरण-प्रक्षालन कर, अंगवस्त्र एवं माल्यार्पण कर भावभीनी वंदना और नागरिक अभिनंदन किया। इस अवसर पर गौरव ऊमर ने कहा कि वीर शहीद रवि सिंह 18 वर्ष की अल्पायु में सेना की 13 ग्रेनेडियर्स में भर्ती होकर देशसेवा का संकल्प लेकर जांबाज बने थे। वह जम्मू-कश्मीर में 29 राष्ट्रीय राइफल्स में तैनात थे। 17 अगस्त 2020 को बारामूला के क्रीरी में लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादियों के साथ हुई भीषण मुठभेड़ में उन्होंने अद्भुत वीरता और अदम्य साहस का परिचय देते हुए देश के दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब दिया और मातृभूमि की रक्षा करते हुए वीरगति को प्राप्त हुए। उनके इस सर्वोच्च बलिदान के लिए भारत सरकार एवं सेना द्वारा उन्हें मरणोपरांत ‘सेना पदक’ से सम्मानित किया गया। जिला उपाध्यक्ष ने कहा कि एक शहीद को जन्म देने वाले पिता का त्याग और संबल पूरे समाज और राष्ट्र के लिए वंदनीय है। मां भारती के वीर सपूतों और उनके परिजनों के प्रति हम सदैव ऋणी रहेंगे। अमर शहीद रवि सिंह का बलिदान हम सभी को सदैव राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता रहेगा। इस कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष इन्द्र कुमार सिंह और विरेंद्र तिवारी उपस्थित रहे। यह जानकारी जिला मीडिया प्रभारी भावेश शर्मा ने दी।







