Home उत्तर प्रदेश विवेचना करने गई महिला दरोगा पर हमला, दूसरे दिन फोर्स के साथ...

विवेचना करने गई महिला दरोगा पर हमला, दूसरे दिन फोर्स के साथ पहुंची पुलिस टीम

दहेज उत्पीड़न मामले की जांच के दौरान बवाल, छह गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार
FATEHPUR NEWS: दहेज उत्पीड़न के मुकदमे की विवेचना करने पहुंची महिला दरोगा और हेड कांस्टेबल पर कथित हमला किए जाने के बाद पुलिस प्रशासन सख्त रुख में नजर आया। घटना के दूसरे दिन रविवार को अतिरिक्त पुलिस बल के साथ महिला उपनिरीक्षक दोबारा गांव पहुंचीं और सुरक्षा व्यवस्था के बीच विवेचना की कार्रवाई पूरी कराई। गांव और बाजार क्षेत्र में पुलिस बल की तैनाती के चलते शांति व्यवस्था बनी रही। जानकारी के अनुसार, राधानगर थाना क्षेत्र के मलाका गांव निवासी रमेश की पुत्री आंशी गुप्ता ने अपने पति शिवम गुप्ता, सास सतरूपा, ससुर हीरालाल, ननद शिवानी, मीनू, नंदोई संजय तथा मौसी सास पुष्पा के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया था। मामले की जांच के लिए राधानगर थाने की महिला उपनिरीक्षक रिंकी वर्मा एवं हेड कांस्टेबल हरिकेश शनिवार को थरियांव थाना क्षेत्र के बहरामपुर गांव पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि विवेचना के दौरान आरोपी पक्ष के लोगों और पुलिस टीम के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि पुलिस टीम के साथ अभद्रता और गाली-गलौज की गई तथा ग्रामीणों की भीड़ एकत्र कर पुलिसकर्मियों को घेर लिया गया। इसी दौरान महिला दरोगा और हेड कांस्टेबल के साथ मारपीट की गई, जिसमें दोनों को मामूली चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई और हालात को नियंत्रित किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूर्व प्रधान कमलेश यादव समेत छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि मामले का मुख्य आरोपी शिवम गुप्ता मौके से फरार हो गया। पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा, पुलिसकर्मियों पर हमला और अन्य गंभीर धाराओं में सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया, जिससे किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति न उत्पन्न हो। अपराध निरीक्षक सुरजीत कुमार ने बताया कि रविवार को अतिरिक्त पुलिस बल के साथ महिला दरोगा को पुनः गांव भेजकर विवेचना की कार्रवाई पूरी कराई गई है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और मामले में विधिक कार्रवाई जारी है।