Home उत्तर प्रदेश विधायक राजमणि कोल ने कोहड़ार मंडल में पौध रोपण कर पर्यावरण संरक्षण...

विधायक राजमणि कोल ने कोहड़ार मंडल में पौध रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग की ओर से रोपे पौधे, विद्यालय में भी लगाए पौधे
PRAYAGRAJ NEWS: कोरांव विधायक राजमणि कोल ने सोमवार को दोपहर बाद 2 बजे से लेकर 3 बजे तक सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग उत्तर प्रदेश सरकार के ऑफिस परिसर में पौधारोपण किया।उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि वृक्ष प्रकृति का अमूल्य उपहार है। पर्यावरण संरक्षण जल संरक्षण एवं भावी पीढ़ियों के उज्जवल भविष्य के लिए अधिक से अधिक वृक्ष लगाना और उनका संरक्षण करना हम सभी का सामूहिक दायित्व है। यह वृक्षारोपण कार्यक्रम सिंचाई एवं संसाधन विभाग द्वारा आयोजित किया गया। जहां बेलन नहर प्रखंड प्रयागराज के अधिशासी अभियंता एसपी चैधरी, सहायक अभियंता और अवर अभियंता कैसुद्दीन समेत सिंचाई विभाग के कई अन्य अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे। इसके बाद विधायक राजमणि कोल ने विधानसभा कोरांव के कोहड़ार मंडल के अंतर्गत चांद खमरिया गांव में स्थित आरबी पब्लिक स्कूल में आयोजित वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम में भी सम्मिलित होकर पौधारोपण किया। उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण की रक्षा ही नहीं करते बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ व स्वस्थ भविष्य का आधार भी है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की। जिससे हरित समृद्ध एवं स्वच्छ भारत के निर्माण में सभी नागरिक भागीदार बन सके। वृक्षारोपण कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी की जिला उपाध्यक्ष संतरा देवी बिंद ने भी पौधारोपण किया और लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया। इस दौरान विद्यालय के प्रबंधक, प्रधानाचार्य समेत छात्र-छात्राएं शामिल हुए।