SIDHARTHNAGAR NEWS: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मोत्सव के पावन अवसर पर सोमवार को दीवानी न्यायालय परिसर में अधिवक्ताओं को एक बड़ी सौगात मिली। सिविल सिद्धार्थ बार एसोसिएशन, सिद्धार्थनगर में विधायक निधि से निर्मित होने वाले आधुनिक ‘राजगुरु-सुखदेव सभागार’ का भव्य शिलान्यास समारोह आयोजित किया गया। करीब 24.50 लाख रुपये की लागत से बनने वाले इस बहुप्रतीक्षित सभागार की आधारशिला कपिलवस्तु के विधायक श्यामधनी राही ने रखी। शिलान्यास के बाद समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विधायक श्यामधनी राही ने कहा कि न्याय व्यवस्था को सुदृढ़ और पारदर्शी बनाने में अधिवक्ताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। अधिवक्ताओं के लिए बेहतर और आधुनिक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना हम जनप्रतिनिधियों की प्राथमिकता है। यह नया सभागार अधिवक्ताओं की बैठकों, संगोष्ठियों और विभिन्न विधिक (कानूनी) गतिविधियों का एक प्रमुख केंद्र बनेगा। समारोह की अध्यक्षता कर रहे सिविल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अखंड प्रताप सिंह (एडवोकेट) ने अपने संबोधन में कहा कि बार परिसर में लंबे समय से एक सुसज्जित और आधुनिक सभागार की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। विधायक निधि से इस निर्माण कार्य की स्वीकृति मिलने से अधिवक्ता समुदाय की एक बड़ी और पुरानी मांग पूरी हो गई है। इसके लिए उन्होंने विधायक श्यामधनी राही के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन एवं स्वागत संबोधन करते हुए एसोसिएशन के महामंत्री कृपाशंकर त्रिपाठी (एडवोकेट) ने कहा कि इस सभागार का निर्माण बार एसोसिएशन के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर साबित होगा। इससे अधिवक्ताओं को सामाजिक-वैधानिक कार्यक्रमों के आयोजन में सहूलियत मिलेगी और न्यायिक गतिविधियों को नया आयाम मिलेगा। इस गरिमामयी अवसर पर क्षेत्र के वरिष्ठ अधिवक्ता गंगाराम पांडेय, वीरेंद्र कुमार श्रीवास्तव, शत्रुघ्न प्रसाद चौधरी, शेखर सिंह, रमेश कुमार पांडेय, सत्य प्रकाश श्रीवास्तव एवं श्रीमती अनुपमा सिंह ने भी अपने विचार साझा किए। समारोह के दौरान न्यायिक जगत और समाज के गणमान्य नागरिकों की भारी उपस्थिति रही। मौके पर मुख्य रूप से पवन चंद्र शुक्ला, भार्गव नरेंद्र कुमार, रिंकू श्रीवास्तव, भूपेंद्र सिंह बघेल, राघवेंद्र सिंह, राकेश सिंह, प्रमोद दुबे, प्रियंका सिंह, प्रमोद सिंह, अरविंद शुक्ला, पशुपति नाथ दुबे, प्रभाकर मिश्रा, गिरिजेश पांडेय, देवानंद श्रीवास्तव, दिवाकर दुबे, रियाज अहमद, त्रिपाठी सहोदर भाई, मणिकांत मिश्रा, गिरजेश बहादुर सिंह, अनिल विश्वकर्मा, जयनेन्द्र मिश्रा, दीपक शाही सहित भारी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।
Home उत्तर प्रदेश विधायक निधि से बनेगा आधुनिक ‘राजगुरु-सुखदेव सभागार’, दीवानी न्यायालय परिसर में हुआ...





