Home उत्तर प्रदेश लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की सुरक्षा की उठी आवाज, पत्रकारों ने सरकार...

लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की सुरक्षा की उठी आवाज, पत्रकारों ने सरकार से की सात बड़ी मांगें दिया ज्ञापन

KUSHINAGAR NEWS: कुशीनगर में पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और कल्याण से जुड़े मुद्दों को लेकर पूर्वांचल पत्रकार एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम सात सूत्रीय ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। संगठन ने पत्रकारों के लिए स्वास्थ्य बीमा, सुरक्षा कानून, पत्रकार भवन और सामाजिक सुरक्षा जैसी महत्वपूर्ण मांगें उठाते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की। कुशीनगर मुख्यालय पर बुधवार को पूर्वांचल पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के बैनर तले जिले भर के पत्रकार एकजुट हुए। जिलाध्यक्ष महेंद्र पांडेय और वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष राजन विश्वकर्मा के नेतृत्व में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम जिलाधिकारी को सात सूत्रीय ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में कहा गया कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकार समाज और शासन के बीच सेतु का कार्य करते हैं, इसलिए उनकी सुरक्षा, सम्मान और सामाजिक संरक्षण सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है। ज्ञापन में जिले के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया के सभी मान्यता प्राप्त एवं गैर-मान्यता प्राप्त पत्रकारों का जिला स्तर पर पंजीकरण कराने, पांच लाख रुपये तक की कैशलेस स्वास्थ्य बीमा योजना, दुर्घटना बीमा और सामाजिक सुरक्षा योजना लागू करने की मांग की गई। साथ ही पत्रकारों पर होने वाले हमलों, धमकी और उत्पीड़न के मामलों की त्वरित एवं निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की भी मांग उठाई गई। संगठन ने पत्रकारों और उनके आश्रितों को शिक्षा, चिकित्सा और आवास जैसी सरकारी योजनाओं का लाभ देने, प्रत्येक तहसील स्तर पर पत्रकार भवन या मीडिया सेंटर स्थापित करने, सरकारी कार्यक्रमों की समय पर सूचना उपलब्ध कराने तथा पत्रकार-प्रशासन समन्वय समिति गठित कर नोडल अधिकारी नियुक्त करने की भी मांग की। इस दौरान बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे और सभी ने पत्रकार हितों की रक्षा के लिए एकजुट होकर आवाज बुलंद की।