Home उत्तर प्रदेश लूना अस्पताल मे इलाज के नाम पर मौत का खेल,महिला की मौत...

लूना अस्पताल मे इलाज के नाम पर मौत का खेल,महिला की मौत पर परिजनों का हंगामा

KUSHINAGAR NEWS: इलाज की उम्मीद में अस्पताल पहुंची एक महिला की मौत के बाद मंगलवार को कसया स्थित लूना अस्पताल रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। गॉल ब्लैडर की पथरी का ऑपरेशन कराने आई नर्गिस की मौत के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा हुआ। वार्ड संख्या 4, कसया नगर पालिका परिषद निवासी नर्गिस पत्नी तसलीम को तीन दिन पहले पुरानी फाजिलनगर रोड स्थित लूना अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टरों ने ऑपरेशन की सलाह देकर भर्ती किया, लेकिन ऑपरेशन के बाद नर्गिस की हालत बिगड़ने पर समय रहते उचित उपचार नहीं मिला। स्थिति लगातार गंभीर होती गई और आखिरकार महिला ने दम तोड़ दिया। मौत की खबर फैलते ही अस्पताल में भारी भीड़ जुट गई। परिजनों ने डॉक्टर और अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही, गलत उपचार और मरीज की असल स्थिति छिपाने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। काफी देर तक अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।  सूचना पर पहुंची पुलिस ने मशक्कत के बाद परिजनों को शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। अस्पताल प्रशासन ने सभी आरोप खारिज करते हुए कहा कि मरीज का इलाज चिकित्सकीय मानकों के अनुसार किया गया और उसे बचाने के हरसंभव प्रयास हुए। घटना के दूसरे दिन सपा नेता बंटी राव ने मृतका के परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की और निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग उठाई। नर्गिस की मौत ने एक बार फिर निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली, इलाज की पारदर्शिता और मरीजों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर गॉल ब्लैडर जैसे सामान्य ऑपरेशन के लिए पहुंची महिला की मौत कैसे हुई, इसका जवाब पोस्टमार्टम और पुलिस जांच रिपोर्ट के बाद ही सामने आएगा।