Home उत्तर प्रदेश रोडवेज बसों में जहरखुरानी कर यात्रियों को लूटने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का...

रोडवेज बसों में जहरखुरानी कर यात्रियों को लूटने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, एक गिरफ्तार

हरदोई निवासी बाप-बेटे की जोड़ी बस यात्रियों को बनाती थी शिकार, 1.25 लाख नकद व चोरी के मोबाइल बरामद
FATEHPUR NEWS: साइबर क्राइम थाना पुलिस ने रोडवेज बसों में यात्रियों को जहरखुरानी कर लूटने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य आरोपी दाताराम जोशी मौके से फरार हो गया। आरोपी के कब्जे से 1 लाख 25 हजार रुपये नकद और चोरी के दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। मामले में मुख्य आरोपी दाताराम जोशी की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार 29 अप्रैल 2026 को कुलदीप कुमार निवासी जमरावा, थाना हुसैनगंज तथा 5 जून 2026 को विवेक कुमार निवासी ताम्बेश्वर नगर, फतेहपुर ने साइबर क्राइम थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। दोनों ने बताया था कि रोडवेज बस में यात्रा के दौरान अज्ञात लोगों ने उन्हें नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया और उनके मोबाइल फोन, पर्स, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड तथा अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी कर लिए। इसके बाद आरोपियों ने चोरी किए गए मोबाइल, एटीएम कार्ड और यूपीआई का दुरुपयोग कर उनके खातों से क्रमशः 98,500 रुपये और 1,44,000 रुपये निकाल लिए। इस संबंध में साइबर क्राइम थाना में दो मुकदमे दर्ज किए गए थे। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में साइबर क्राइम थाना और क्राइम डिटेक्शन टीम ने तकनीकी सर्विलांस, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर मामले का खुलासा किया। पुलिस के अनुसार साइबर थाना फतेहपुर में हाल ही में एक ही तरह की कार्यप्रणाली (मोडस ऑपरेंडी) वाले दो मुकदमे दर्ज किए गए थे। जांच के दौरान हरदोई जिले के पिहानी थाना क्षेत्र के मोहल्ला मिश्राना निवासी 23 वर्षीय हर्षित कुमार जोशी को 1 जुलाई की रात करीब 11:45 बजे ज्वालागंज बस स्टैंड से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका पिता दाताराम जोशी रोडवेज बसों में अकेले यात्रा करने वाले यात्रियों को बातचीत में उलझाकर विश्वास में लेता था। मौका मिलने पर उन्हें नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर देता और उनके मोबाइल, पर्स, एटीएम कार्ड तथा अन्य सामान चोरी कर लेता था। चोरी के बाद वह सामान हर्षित को सौंप देता था। हर्षित ने ये भी बताया कि वह फर्रुखाबाद, शाहजहांपुर और लखनऊ सहित विभिन्न जनपदों में जाकर बैंक कस्टमर केयर के माध्यम से एटीएम कार्ड का पिन रीसेट कराता था। मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी के जरिए नया पिन बनाकर एटीएम से नकदी निकालता था। एटीएम की निकासी सीमा पूरी होने पर दुकानों और मॉल में खरीदारी करता था तथा चोरी किए गए मोबाइल में यूपीआई आईडी संचालित कर पीड़ितों के खातों से रुपये ट्रांसफर कर लेता था। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह लंबे समय से अपने पिता के साथ मिलकर उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों में रोडवेज बसों में यात्रा करने वाले यात्रियों को निशाना बना रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1 लाख 25 हजार रुपये नकद और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। वहीं, मुख्य आरोपी दाताराम जोशी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश भी तेज कर दी गई है।