Home उत्तर प्रदेश रोजगार पर संकट की आशंका, आजाद गंज के सब्जी व्यापारियों ने डीएम...

रोजगार पर संकट की आशंका, आजाद गंज के सब्जी व्यापारियों ने डीएम से लगाई गुहार

JHANSI NEWS: नगर निगम की प्रस्तावित अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई से चिंतित आजाद गंज सीपरी बाजार के सब्जी व्यापारियों ने शुक्रवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर अपनी दुकानों को न हटाने की मांग की। व्यापारियों का कहना है कि जब तक उन्हें वैकल्पिक स्थान उपलब्ध नहीं कराया जाता, तब तक किसी भी प्रकार की कार्रवाई स्थगित रखी जाए। अध्यक्ष भूरे भाई उर्फ ताहिर के नेतृत्व में पहुंचे व्यापारियों ने बताया कि वे पिछले पांच से छह दशकों से चबूतरों पर सब्जी का कारोबार कर अपने परिवारों का भरण-पोषण कर रहे हैं। इस दौरान वे नियमित रूप से नगर निगम में टैक्स भी जमा करते रहे हैं। व्यापारियों का आरोप है कि 2 जुलाई को नगर निगम की टीम बिना किसी पूर्व नोटिस या सूचना के दुकानें हटाने पहुंच गई। उनका कहना है कि यदि 113 दुकानदारों को बिना पुनर्वास के हटाया गया तो सैकड़ों लोगों की आजीविका पर सीधा असर पड़ेगा और उनके परिवार आर्थिक संकट में आ जाएंगे। ज्ञापन में व्यापारियों ने यह भी उल्लेख किया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में उन्होंने नगर निगम को करीब 20 लाख रुपये का टैक्स जमा किया है, जिसकी रसीदें उनके पास सुरक्षित हैं। इसके बावजूद बिना पूर्व सूचना कार्रवाई की जा रही है, जो न्यायोचित नहीं है। व्यापारियों ने जिलाधिकारी से मांग की कि सभी दुकानदारों के लिए उचित वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित होने तक दुकानें हटाने की कार्रवाई पर रोक लगाई जाए। इस दौरान भूरे भाई उर्फ ताहिर, अख्तर राईन, खेमचंद कुशवाहा, नीलू खटीक, कार्तिक कुशवाहा, मोहम्मद जावेद राईन सहित बड़ी संख्या में सब्जी व्यापारी मौजूद रहे।