Home आस्था रक्षाबंधन पर गौ सेवा आयोग अध्यक्ष से लिया जहरमुक्त भोजन का संकल्प

रक्षाबंधन पर गौ सेवा आयोग अध्यक्ष से लिया जहरमुक्त भोजन का संकल्प

प्राकृतिक कृषि, गौसेवा और स्वस्थ भोजन के प्रति लोगों को जागरूक करने का लिया वादा
JHANSI NEWS: रक्षाबंधन के पावन पर्व पर सनराइज मॉडर्न स्कूल की डायरेक्टर एवं समाजसेवी कीर्ति वर्मा पटेल ने अपने बड़े भाई एवं गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष आचार्य श्याम बिहारी गुप्ता से उनके फार्म हाउस किसान समृद्धि पीठ पर आत्मीय मुलाकात की। इस अवसर पर राखी बांधकर रक्षाबंधन का पर्व मनाया गया तथा भाई-बहन के स्नेह और विश्वास के इस पावन रिश्ते को समाजहित के संकल्प से जोड़ा गया। रक्षाबंधन के अवसर पर आचार्य श्याम बिहारी गुप्ता ने कीर्ति वर्मा पटेल को प्राकृतिक कृषि, गौसेवा और जहरमुक्त भोजन के लिए कार्य करने हेतु प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आज के समय में लोगों को स्वस्थ एवं सुरक्षित भोजन के प्रति जागरूक करना आवश्यक है। प्राकृतिक कृषि को बढ़ावा देने के साथ-साथ गौ आधारित कृषि और गौसेवा के महत्व को समाज तक पहुंचाने की जरूरत है। आचार्य श्याम बिहारी गुप्ता ने बच्चों और आमजन को गाय के दूध के महत्व के बारे में जागरूक करने तथा भारतीय परिवारों की थाली में स्वास्थ्यवर्धक एवं सुरक्षित भोजन पहुंचाने के उद्देश्य से विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि खेती और भोजन में प्राकृतिक तरीकों को अपनाकर आने वाली पीढ़ियों को बेहतर स्वास्थ्य और सुरक्षित वातावरण दिया जा सकता है। इस दौरान उन्होंने अपनी बहन से रक्षाबंधन के अवसर पर एक विशेष वादा लिया कि वह भारतीय भाई-बहनों की थाली से जहरयुक्त भोजन को दूर करने तथा जहरमुक्त और स्वास्थ्यवर्धक भोजन के लिए लोगों में जागरूकता फैलाने के अभियान में सहयोग करेंगी। कीर्ति वर्मा पटेल ने इस संकल्प को स्वीकार करते हुए कहा कि वह प्राकृतिक कृषि, गौसेवा तथा स्वस्थ एवं जहरमुक्त भोजन के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए हर संभव प्रयास करेंगी। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन का रिश्ता केवल भाई-बहन के स्नेह और राखी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज और देश के प्रति जिम्मेदारी निभाने का भी अवसर है। उन्होंने आचार्य श्याम बिहारी गुप्ता के इस नेक संकल्प और देशहित से जुड़े प्रयासों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्धता जताई। इस अवसर पर उन्होंने बड़े भाई का आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन प्राप्त करते हुए प्राकृतिक कृषि, गौसेवा और सुरक्षित भोजन के प्रति जागरूकता अभियान को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। कीर्ति वर्मा पटेल ने कहा कि भाई-बहन का यह रिश्ता अब समाजहित के एक महत्वपूर्ण संकल्प से भी जुड़ गया है। उनका प्रयास रहेगा कि अधिक से अधिक बच्चों, परिवारों और आमजन को स्वस्थ एवं सुरक्षित भोजन तथा प्राकृतिक कृषि के महत्व की जानकारी दी जाए। इस अवसर पर रक्षाबंधन की आत्मीय मुलाकात ने भाई-बहन के स्नेह के साथ-साथ समाज और राष्ट्रहित के प्रति जिम्मेदारी का संदेश भी दिया।