तहफ्फुज़े अज़ा सोसायटी की ओर से दरियाबाद में हुआ दहकते अंगारों पर मातम व तेज़ धार की छूरीयों से लैस ज़ंजीरों से पुश्तज़नी
हम हुसैनी लिए हांथों में अलम ग़ाज़ी का शान से चलते हैं जलते हुए अंगारों पर
PRAYAGRAJ NEWS: शहादत इमाम हुसैन के बाद बीमारे करबला व चौथे इमाम ज़ैनुल आबेदीन को हांथों में हथकड़ी व पैरों में बेड़ीयां व गले में खारदार तौक़ डाल कर जो अज़ीयत लश्करे यज़ीदी ने दी थी उसकी याद में माहे मोहर्रम की पच्चीसवीं को दरियाबाद में तहफ्फुज़े अज़ा सोसायटी की ओर से इमामबाड़ा नवाब बेगम बड़ा घर के विशाल मैदान में दहकते अंगारों पर नंगे पैर चल कर मातम किया गया।नजीब इलाहाबादी के संचालन में नायाब बलियावी ने पेशख्वानी तो मौलाना हुज्जतुल इस्लाम वल मुसलेमीन सैय्यद ज़मीर अब्बास जाफरी साहब क़िबला ने शहादत ए इमाम ए ज़ैनुल आबेदीन पर ढ़ाए गए ज़ुल्मो सितम की दास्तां बयां कि।इमाम जुमा सैय्यद हसन रज़ा ज़ैदी साहब क़िब्ला की सदारत (अध्यक्षता)में खतीबे अहलेबैत अशरफ अब्बास खान ने तक़रीर की।बड़ा घर सहित मैदान की सभी लाईटों को बुझा कर मोमबत्ती की रौशनी और लोहबान की धूनी में ताबूत इमाम ज़ैनुल आबेदीन निकाला गया वहीं ग़ाज़ी अब्बास का अलम मुबारक भी साथ साथ रहा।नौजवान हांथों में लाल हरे झण्डे लहराते हुए जुलूस की शक्ल में दहकते अंगारों पर नंगे पांव चल कर मातम करते रहे।वहीं अन्जुमनों के सदस्यों ने एक साथ तेज़ धार की छूरीयों से लैस ज़ंजीरों से पुश्तज़नी की।आयोजक व तहफ्फुज़े अज़ा सोसायटी के सदस्य यासिर सिबतैन के अनुसार दो सौ रुपए की मोमनीन की काटी गई रसीद का क़ुर्राअंदाज़ी से तीन नाम निकाले गए जिन्हें इराक़ व ईरान में रौज़ों की ज़ियारत को भेजा जाएगा।मातमी कार्यक्रम में दूर दराज़ से बड़ी संख्या में अक़ीदतमंद शामिल हुए वहीं बिसौना सादात में आयोजित यौमे सज्जाद पर बड़ा आयोजन किया गया जिसमें शफक़त अब्बास पाशा के संचालन में शुजा मिर्ज़ा ने सोज़ व सलाम पढ़ा इमरान सब्ज़वारी तथा एहतेशाम हुसैन ने पेशख्वानी की। मौलाना ज़ीशान हैदर ने मजलिस को खिताब किया। मौलाना आमिरुर रिज़वी ने तक़रीर कर माहौल को ग़मगीन बना दिया। अन्जुमन ज़ीनतुल अज़ा अमहट सुल्तानपुर अन्जुमन अब्बासिया दादूपुर, अन्जुमन अब्बासिया रानी मण्डी, अन्जुमन हुसैनिया कदीम दरियाबाद अन्जुमन शब्बीरिया रानी मण्डी अन्जुमन मासूमिया करैली ने नौहा व मातम की सदा बुलन्द की।आयोजक अन्जुमन ज़ुलफेक़ारिया इमामबाड़ा कदीम बिसौना के द्वारा कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।शाहिद प्रधान ने सभी मातमी अन्जुमनों व शामिल होने वालों का शुक्रिया अदा किया।






