KUSHINAGAR NEWS: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बेहतर सड़क निर्माण के तमाम निर्देशों के बावजूद कुशीनगर जिले में सड़कों की हालत जस की तस बनी हुई है। पडरौना रेलवे स्टेशन के पूर्वी बाईपास स्थित नोनिया पट्टी रेलवे सड़क पिछले 6 साल से गहरे गड्ढों में तब्दील है, लेकिन जिम्मेदारों का ध्यान अब तक इस ओर नहीं गया। पडरौना नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड संख्या 8, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी नगर यानी नोनिया पट्टी की यह सड़क बरसात आते ही पोखरे में बदल जाती है। आने-जाने वाले राहगीर अक्सर फिसलकर दुर्घटना का शिकार होते हैं, फिर भी मरम्मत की कोई सुध नहीं ली गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिम्मेदार अधिकारी इसी रास्ते से रोज आते-जाते हैं, लेकिन सड़क निर्माण को लेकर किसी ने पहल नहीं की। “यह सड़क नहीं, मौत का रास्ता बन गई है। बरसात में पता ही नहीं चलता कहां गड्ढा है, कहां सड़क। कई बार लोग गिरकर चोटिल हो चुके हैं,” एक स्थानीय नागरिक ने बताया। सड़क की जर्जर हालत से न केवल आम नागरिक परेशान हैं, बल्कि स्कूली बच्चों और मरीजों को भी रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि योगी सरकार के आदेशों को जमीन पर उतारते हुए नोनिया पट्टी सड़क का तत्काल निर्माण कराया जाए।







