20 जुलाई से शुरू होगी ऑनलाइन प्रक्रिया
प्रधानाचार्यों को 20 जुलाई तक अपने विद्यालय की आनलाइन देना है जानकारी
17 अगस्त को परीक्षा केंद्रों की पहली सूची होगी जारी : सचिव भगवती सिंह
PRAYAGRAJ NEWS: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद प्रयागराज (यूपी बोर्ड) ने वर्ष 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं को पूरी तरह नकल विहीन और पारदर्शी बनाने की तैयारियां शुरू कर दी है। इसी उद्देश्य से परीक्षा केंद्रों के निर्धारण की नई नीति जारी कर दी गई है। इस बार सभी परीक्षा केंद्रों का चयन पूरी तरह ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से किया जाएगा। यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह ने आज बताया कि यह प्रक्रिया 20 जुलाई 2026 से शुरू होकर 18 सितंबर 2026 तक पूरी कर ली जाएगी। यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह ने बताया कि नई व्यवस्था के अनुसार, सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को 20 जुलाई तक अपने विद्यालय में उपलब्ध कमरों, फर्नीचर, बिजली, पेयजल, शौचालय, सीसीटीवी कैमरे और अन्य आवश्यक सुविधाओं की जानकारी परिषद की वेबसाइट पर अपलोड करनी होगी। जिलाधिकारी द्वारा गठित तहसील स्तरीय समिति 3 अगस्त तक इन जानकारियों का भौतिक सत्यापन करेगी। यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह ने बताया कि सत्यापन रिपोर्ट 10 अगस्त तक जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) के माध्यम से ऑनलाइन अपलोड की जाएगी। इसके आधार पर 17 अगस्त को परीक्षा केंद्रों की पहली सूची जारी होगी, जिसमें छात्र आवंटन की जानकारी भी शामिल रहेगी। वहीं, जिन विद्यालयों की मान्यता समाप्त हो चुकी है या जिन्हें परीक्षा केंद्र बनने से प्रतिबंधित किया गया है, उनकी सूची भी अलग से प्रकाशित की जाएगी। उन्होंने बताया कि बोर्ड ने आपत्तियों के लिए भी ऑनलाइन व्यवस्था की है। पहली सूची जारी होने के बाद यदि किसी छात्र, अभिभावक, विद्यालय या प्रबंधक को परीक्षा केंद्र को लेकर कोई शिकायत या आपत्ति है, तो वह 22 अगस्त तक यूपी बोर्ड के पोर्टल पर ऑनलाइन दर्ज करा सकेगा। यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह ने बताया कि इन शिकायतों के निस्तारण के बाद संशोधित सूची 7 सितंबर को जारी की जाएगी। यदि इसके बाद भी किसी विद्यालय को दूरी, क्षमता से अधिक छात्र आवंटन या अन्य किसी प्रकार की समस्या दिखाई देती है, तो 14 सितंबर तक दोबारा ऑनलाइन आपत्ति दर्ज की जा सकेगी। यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह ने बताया कि सभी शिकायतों का अंतिम निस्तारण करने के बाद 18 सितंबर 2026 को परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची जारी कर दी जाएगी। बोर्ड सचिव भगवती सिंह ने सभी अधिकारियों और जिला प्रशासन को निर्धारित समय-सारणी का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं, ताकि वर्ष 2027 की बोर्ड परीक्षाएं पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराई जा सकें।







