Home उत्तर प्रदेश युवा साहित्य रत्न पुरस्कार से सम्मानित हुए आयुष गुप्ता, बढ़ाया जनपद का...

युवा साहित्य रत्न पुरस्कार से सम्मानित हुए आयुष गुप्ता, बढ़ाया जनपद का मान

FATEHPUR NEWS: ग्राम शाह निवासी आयुष गुप्ता को उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान, लखनऊ द्वारा आयोजित राष्ट्रीय स्तर की कविता लेखन प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए युवा साहित्य रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह सम्मान प्रयागराज स्थित प्रयाग संगीत समिति में आयोजित समारोह में सुप्रीम कोर्ट के माननीय न्यायाधीश द्वारा प्रदान किया गया। आयुष गुप्ता की इस उपलब्धि पर भारतीय दोसर वैश्य महासमिति के पदाधिकारियों ने उनके आवास पहुंचकर माल्यार्पण, पटका एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया तथा मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं। पदाधिकारियों ने कहा कि आयुष ने परिवार, समाज और जनपद का गौरव बढ़ाया है। महासमिति के जिलाध्यक्ष नारायण बाबू गुप्ता ने बताया कि आयुष ने इंटरमीडिएट की शिक्षा सरस्वती विद्या मंदिर, वीआईपी रोड से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से स्नातक एवं परास्नातक की शिक्षा पूरी की। वर्तमान में वह प्रयागराज में रहकर यूपीएससी परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं। महासमिति के राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष विनोद गुप्ता ने बताया कि उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान द्वारा आयोजित राष्ट्रीय कविता लेखन प्रतियोगिता में देशभर के लगभग 11 हजार प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। प्रतियोगिता में “स्त्री विमर्श” विषय पर ऑनलाइन लेखन परीक्षा आयोजित की गई थी, जिसमें आयुष गुप्ता ने प्रथम स्थान प्राप्त कर यह प्रतिष्ठित सम्मान हासिल किया। इस अवसर पर संजय गुप्ता, सुशील गुप्ता (फौजी), लक्ष्मी गुप्ता, आनंद गुप्ता, सुधीर गुप्ता, साजन गुप्ता सहित महासमिति के अनेक पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।