Home उत्तर प्रदेश युवाओं को मिलेगा 5 लाख तक का गारंटी-मुक्त ऋण, 1700 लोगों को...

युवाओं को मिलेगा 5 लाख तक का गारंटी-मुक्त ऋण, 1700 लोगों को मिलेगा लाभ

मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान कार्यशाला में सीडीओ ने की घोषणा

SIDHARTHNAGAR NEWS: उत्तर प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना (एक दिवसीय कार्यशाला) जिले में शुरू हो गई है। इस योजना के तहत युवाओं को अपना स्वरोजगार शुरू करने के लिए 5 लाख रुपये तक का ऋण बिना किसी ब्याज और बिना बैंक गारंटी के उपलब्ध कराया जाएगा। वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए जिले में 1700 युवाओं को लाभ देने का लक्ष्य रखा गया है। योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए मंगलवार, 5 अगस्त को सिद्धार्थनगर स्थित भवन में एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसका उद्घाटन मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह और उनके सहायक ने किया। कार्यशाला में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। इसमें प्रोजेक्ट तैयार करने, कोटेशन प्राप्त करने, मशीनों के सप्लायर से संपर्क करने, बिजनेस प्लान और क्लाउड किचन जैसे विषयों में आने वाली कठिनाइयों को दूर करने की जानकारी दी गई। कार्यशाला में आए प्रतिभागियों के प्रश्नों का भी समाधान किया गया। कार्यशाला में मुख्य विकास अधिकारी ने युवाओं से आह्वान किया कि वे योजना का लाभ उठाएं और रोजगार मांगने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले बनें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रदेश को 1 ट्रिलियन इकोनॉमी बनाने के सपने को साकार करने में सहयोग करें। इस अवसर पर उपायुक्त उद्योग, सिद्धार्थनगर ने कहा कि प्राप्त आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। कार्यशाला में रवि कुमार सिन्हा, अग्रणी जिला प्रबंधक, भारतीय स्टेट बैंक, समस्त जिला समन्वयक बैंक सिद्धार्थनगर, प्रधानाचार्य आईटीआई (आईटीआई), छात्र-छात्राओं और आरसेटी तथा कौशल विकास मिशन के बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया। इस मौके पर लखनऊ से आए विशेषज्ञों अमित सिन्हा, अमन कुमार और शुभंकर कुमार सहायक आयुक्त उद्योग, सत्यदेव दुबे, प्रधानाचार्य आईटीआई, संतोष मिश्रा, कौशल विकास मिशन, गंगाधर दुबे, जिला खादी ग्रामोद्योग अधिकारी, भावना आरसेटी, मुकेश कुमार प्रबंधक, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और तोषेंद्र मिश्रा उद्यमी मित्र समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।