SIDHARTHNAGAR NEWS: सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। इसमें मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह भी उपस्थित रहे। बैठक में जिलाधिकारी ने पिछली बैठक की अनुपालन रिपोर्ट की समीक्षा की। उन्होंने सख्त लहजे में निर्देश दिया कि जिले में कोई भी स्कूल वाहन बिना फिटनेस और पंजीकरण के नहीं चलना चाहिए। बिना फिटनेस वाली बसों को तुरंत बंद करने का आदेश देते हुए उन्होंने कहा कि बिना परमिट के चलने वाले और परमिट का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। डीएम ने एआरटीओ प्रियंवदा सिंह को ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार वाले वाहनों का चालान करने का निर्देश दिया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग और एनएचएआई के अधिकारियों को भी ब्लैक स्पॉट (दुर्घटना संभावित क्षेत्र) की पहचान कर वहां साइन बोर्ड और गति सीमा के बोर्ड लगाने के लिए कहा। साथ ही, सभी वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगाने और मुख्य सड़कों के किनारे स्थित स्कूलों में यातायात जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। बैठक में डीएम ने अधिकारियों से कहा कि वे स्वयं भी यातायात नियमों का पालन करें। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट और चार पहिया वाहन चालकों के लिए सीट बेल्ट के प्रयोग पर जोर दिया। उन्होंने अगली बैठक में सड़क दुर्घटनाओं में हुई मृत्यु और घायलों की सूची भी मांगी। इस अवसर पर एआरटीओ प्रियवंदा सिंह, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी आशीष भारद्वाज, जिला विद्यालय निरीक्षक अरुण कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेश कुमार सहित कई अन्य अधिकारी मौजूद रहे।







