Home उत्तर प्रदेश मिशन शक्ति के तहत महिलाओं और बालिकाओं को किया गया जागरूक

मिशन शक्ति के तहत महिलाओं और बालिकाओं को किया गया जागरूक

FATEHPUR NEWS: उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संचालित मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनपद में महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में जनपद के सभी थानों पर गठित मिशन शक्ति टीम एवं एंटीरोमियो टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर महिलाओं, बालिकाओं और आमजन को जागरूक किया। अभियान के तहत जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके साथ ही गांवों में चौपाल लगाकर ग्रामीणों से संवाद स्थापित किया गया तथा उनकी समस्याओं को सुनकर उनके त्वरित एवं विधिसम्मत निस्तारण के प्रति जागरूक किया गया। मंगलवार को मिशन शक्ति एवं एंटीरोमियो टीमों ने बाजारों, शिक्षण संस्थानों, सार्वजनिक स्थलों तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पहुंचकर महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा आत्मरक्षा के तरीकों की जानकारी दी। टीमों ने महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों की रोकथाम, कानूनी अधिकारों तथा किसी भी प्रकार की घटना होने पर तत्काल पुलिस सहायता लेने के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की। जागरूकता कार्यक्रम के दौरान पुलिसकर्मियों ने महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, एम्बुलेंस सेवा 108, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर हेल्पलाइन 1930 तथा साइबर अपराधों की शिकायत दर्ज कराने के लिए आधिकारिक पोर्टल की जानकारी भी दी। साथ ही उपस्थित लोगों को इन सेवाओं का आवश्यकता पड़ने पर निःसंकोच उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं और बालिकाओं से अपील की कि यदि उनके साथ किसी भी प्रकार की अभद्रता, उत्पीड़न, छेड़छाड़, साइबर अपराध या अन्य अपराध घटित होता है तो तत्काल संबंधित हेल्पलाइन अथवा नजदीकी पुलिस स्टेशन से संपर्क करें। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है तथा प्रत्येक शिकायत पर तत्काल और प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। जनपद पुलिस द्वारा चलाया जा रहा मिशन शक्ति 5.0 अभियान महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने, उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने तथा सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर प्रभावी भूमिका निभा रहा है।