Home उत्तर प्रदेश मारपीट की घटना में घायल महिला की वाहन की टक्कर से मौत,...

मारपीट की घटना में घायल महिला की वाहन की टक्कर से मौत, कोहराम

PRATAPGARH NEWS: मारपीट की घटना में चुटहिल पीड़िता के थाने में शिकायत दर्ज कराने के बाद घर लौटते समय दुर्घटना में मौत को लेकर परिजनों मे कोहराम मच गया। नाली विवाद को लेकर हुई मारपीट में चोट लगने के बाद उसी दिन रात में दुर्घटना को लेकर महिला की मौत पुलिसिया जांच की फांस भी बनी देखी जा रही है। लीलापुर कोतवाली के गहिरी गांव में शुक्रवार की शाम स्व0 विनोद वर्मा की पत्नी कमला देवी 48 का नाली के विवाद को लेकर पड़ोसी ओमप्रकाश से विवाद हो गया था। कहासुनी मारपीट मे बदल गयी और कमला देवी को चोटें आ गयी। इलाज कराने के बाद वह रात करीब दस बजे लीलापुर थाने घटना को लेकर शिकायत दर्ज कराने पहुंची। शिकायत दर्ज कराने के बाद वह वापस गांव लौट रही थी तभी लीलापुर टंकी के समीप अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दिया। गंभीर रूप से चुटहिल कमला देवी को एम्बुलेंस द्वारा अस्पताल पहुंचवाया गया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना घर पहुंची तब परिजन बिलख पड़े। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर शनिवार को दोपहर बाद पीएम के लिए जिला मुख्यालय भेजवाया। कमला के पति विनोद का कुछ वर्षो पहले निधन हो चुका है। तीन बच्चे मुकेश 24, लक्ष्मी 20 और प्रिया 15 के सिर से मां-बाप का साया उठने से गांव के लोगों की भी आंखें नम हो उठी दिखी। महिला की मौत को लेकर एहतियातन पुलिस फोर्स की तैनाती की गयी है। मारपीट के बाद हुई दुर्घटना को लेकर पुलिस कई बिंदुओं की जांच में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि जांच कर शीघ्र तथ्य के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित होगी।