Home उत्तर प्रदेश महिला सुरक्षा व साइबर अपराध के प्रति कठेला पुलिस का बड़ा अभियान,...

महिला सुरक्षा व साइबर अपराध के प्रति कठेला पुलिस का बड़ा अभियान, हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी

SIDHARTHNAGAR NEWS: महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को समर्पित ‘मिशन शक्ति फेज 5 (द्वितीय चरण)’ के तहत कठेला समयमाता पुलिस ने ग्राम धोबहा टोला चूड़ीहार में ‘बहू-बेटी सम्मेलन’ एवं साइबर जागरूकता चौपाल का आयोजन किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के आदेश, अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद के पर्यवेक्षण, क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ मयंक द्विवेदी के निर्देशन और थानाध्यक्ष नरायन लाल श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्रामीणों के बीच पहुंचकर महिला अपराध, साइबर सुरक्षा और नए कानूनों पर व्यापक चर्चा की। आयोजित चौपाल के दौरान मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं व युवतियों को अपराध से बचाव के तौर-तरीके समझाते हुए सुरक्षा संबंधी पम्पलेट बांटे और गांव में मिशन शक्ति 5.0 के स्टीकर चस्पा किए। अधिकारियों ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा थानों पर विशेष मिशन शक्ति केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां महिलाएं निडर होकर अपनी शिकायतें दर्ज करा सकती हैं। सम्मेलन में मौजूद बहू-बेटियों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी भी ली गई। इस दौरान पुलिस ने संकट के समय तत्काल सहायता पाने के लिए प्रमुख हेल्पलाइन नंबरों—1090 (वुमेन पावर लाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन पुलिस सेवा), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन), 1098 (चाइल्ड केयर लाइन), 108 (एम्बुलेंस), 101 (अग्निशमन), 14567 (एल्डर हेल्पलाइन) और ऑनलाइन फ्रॉड से बचाव के लिए 1930 (साइबर हेल्पलाइन) के बारे में विस्तार से बताते हुए महिलाओं को जागरूक और सतर्क रहने का आह्वान किया।