एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत भाजपा नेताओं ने किया वृक्षारोपण
FATEHPUR NEWS: भारतीय जनता पार्टी धाता मंडल की मासिक संगठनात्मक बैठक शुक्रवार को खागा विधानसभा क्षेत्र के डेंडासई गांव में आयोजित की गई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव शामिल हुए। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव ने कहा कि 5 जून से 21 जून तक केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पार्टी द्वारा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इन कार्यक्रमों में सक्रिय एवं सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार तथा प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के सभी वर्गों तक पहुंच रहा है। सरकार के प्रति जनता का बढ़ता विश्वास संगठन के समर्पित कार्यकर्ताओं की मेहनत का भी परिणाम है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता निष्ठा, सुचिता और संवेदनशीलता के साथ संगठन को मजबूत करने में जुटा हुआ है। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण भी किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। मंडल प्रभारी प्रवीण सिंह ने कहा कि मासिक बैठकों के माध्यम से संगठनात्मक कार्यक्रमों की समीक्षा के साथ आगामी अभियानों की रणनीति तैयार की जाती है, जिसे शक्ति केंद्रों के माध्यम से बूथ स्तर तक पहुंचाया जाता है। मंडल अध्यक्ष रामनरायण शुक्ला ने जिलाध्यक्ष का स्वागत करते हुए कहा कि धाता मंडल पार्टी के सभी कार्यक्रमों एवं दिशा-निर्देशों को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ पूरा करने में हमेशा अग्रणी भूमिका निभाता रहा है और आगे भी निभाता रहेगा। बैठक में जिला महामंत्री सुशीला मौर्य, जिला उपाध्यक्ष कुलदीप भदौरिया, पूर्व जिला उपाध्यक्ष एवं ब्लॉक प्रमुख विकास पासवान, जिलामंत्री विमलेश पांडेय, जितेंद्र सिंह, प्रदीप कछवाह, उत्कर्ष जायसवाल, उमाशंकर पटेल, शिवभूषण सिंह, राकेश द्विवेदी, संतोष विश्वकर्मा, अतुल सिंह, फूलचंद्र श्रीवास्तव, सतीश मिश्रा, रामदुलारे पासवान, कृष्ण कुमार द्विवेदी, विवेक सिंह सहित मंडल एवं शक्ति केंद्र संयोजक उपस्थित रहे।







