JHANSI NEWS: अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर सोमवार को सिविल लाइन ग्वालियर रोड स्थित कुंजबिहारी मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण के चरण दर्शन एवं उनकी प्राण प्रियतमा राज राजेश्वरी राधिका सर्वेश्वरी जू की मनोहारी छवि की एक झलक पाने की ललक को मन में संजाये नगर के हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ मंदिर में उमड़ी। मंदिर में भगवान श्री कुंजबिहारी सरकार के चरण दर्शन का सिलसिला प्रात: 7 बजे से ही शुरु हो गया जो देर रात्रि तक चलता रहा। सायंकाल पांच बजे से विद्वत परिषद कर्मकाण्डी विप्रजन, साधु संत,नगर के मंदिरों के पुजारियों एवं सभी दर्शनार्थियों को भण्डारे का प्रसाद वितरित किया गया। प्रातः काल मंदिर में विराजमान सभी विग्रह मूर्तियों का पावन अभिषेक उपरांत श्रृंगार कर झांकी सजायी गयी तथा भगवान श्री कुंजबिहारी एवं राधिका जू के पावन चरणों में दिव्य एवं भव्य फूल बंगला सजाया और अर्पित किया गया। फूल बंगला श्रृंगार सेवा गुरु पूर्णिमा तक जारी रहेगी। देशी-विदेशी फूलों की महक से कुंजबिहारी मंदिर का प्रांगण महक उठा तो दर्शनार्थी भी भगवान की छवि निहारते ही मोहित हो उनके समक्ष पहुंचते ही सुधबुध खो बैठते ऐसा प्रतीत हो रहा था। प्रात: 9 से 11 एवं सायंकालछह से नौ बजे तक शास्त्रीय संगीत समाज गायन किया गया,जिसमें बुन्देलखण्ड के ख्याति प्राप्त कलाकारों ने पद गायन किये तथा वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इस मौके पर बुन्देलखण्ड धर्माचार्य महंत राधामोहन दास महाराज ने बताया कि अक्षय तृतीया के दिन किया गया कोई भी दान-पुण्य का कभी क्षय नहीं होता, आज ही के दिन भगवान श्रीकृष्ण ने माता यशोदा सहित सभी ब्रजवासियों को भगवान बद्रीनारायण के चरण दर्शन कराये थे, इसीलिये आज का महत्व और भी बढ़ जाता है। संगीत गायन एवं दर्शनों का सिलसिला देर रात्रि तक चलता रहा। तदुपरांत बुंदेलखंड धर्माचार्य राधामोहन महाराज ने भण्डारे का प्रसाद ग्रहण करने पधारे सभी साधु संत एवं विप्रजनों को दक्षिणा भेंट किये कर विदा किया। रात्रि शयन आरती कर महाराज श्री ने सभी को शुभाशीष देते हुए आभारी व्यक्त किया। पुजारी बालकदास, पुजारी मनु महाराज एवं व्यवस्थापक पवनदास ने सभी व्यवस्थाएं संभाली।







