Home आस्था ब्रह्माकुमारी दीदीयों ने जिलाधिकारी, डीआईजी सहित वरिष्ठ अधिकारियों व राजनेताओं को बांधा...

ब्रह्माकुमारी दीदीयों ने जिलाधिकारी, डीआईजी सहित वरिष्ठ अधिकारियों व राजनेताओं को बांधा रक्षा सूत्र, 116 वर्षीय दादाजी भी पहुंचे केंद्र

ब्रह्माकुमारीज ने आध्यात्मिक संदेश के साथ मनाया रक्षाबंधन पर्व
MIRZAPUR NEWS: (सुनील कुमार गुप्ता)  रक्षाबंधन के पावन पर्व पर शुक्रवार को प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की बहनों ने जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, डीआईजी विंध्याचल परिक्षेत्र पूनम सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारियों, राजनेताओं एवं आमजन को रक्षा सूत्र बांधकर स्नेह व आध्यात्मिक संदेश का आदान-प्रदान किया। ब्रह्माकुमारीज के प्रभु उपहार भवन, शुक्लहा में आयोजित कार्यक्रम में सेवा केंद्र प्रभारी बीके बिंदु दीदी ने उपस्थित भाई-बहनों को रक्षा सूत्र बांधकर रक्षाबंधन का आध्यात्मिक रहस्य समझाया। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई द्वारा बहन की रक्षा का संकल्प नहीं, बल्कि स्वयं को काम, क्रोध, लोभ, मोह, अहंकार, नफरत और अन्य बुराइयों से बचाने का आध्यात्मिक संकल्प है। रक्षा सूत्र श्रेष्ठ संस्कारों और पवित्र जीवन की प्रेरणा देता है। बीके बिंदु दीदी एवं बहनों ने जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार को रक्षा सूत्र बांधा। जिलाधिकारी ने बहनों के प्रति स्नेह व सम्मान व्यक्त करते हुए आशीर्वाद लिया और ब्रह्माकुमारीज के आध्यात्मिक व सामाजिक कार्यों की सराहना की। उनके परिवार के सदस्य भी उपस्थित रहे। इसी क्रम में डीआईजी विंध्याचल परिक्षेत्र पूनम को भी रक्षा सूत्र बांधा गया। इससे पहले ब्रह्माकुमारी बहनों ने पुलिस उपमहानिरीक्षक कार्यालय पहुंचकर डीआईजी को तिलक लगाकर राखी बांधी और दीर्घायु तथा उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की। डीआईजी ने बहनों का सम्मान किया। उन्होंने समस्त विंध्याचल परिक्षेत्रवासियों, पुलिस कर्मियों एवं परिजनों को रक्षाबंधन की हार्दिक बधाई दी और कहा कि यह पर्व महिलाओं, बहनों व बेटियों की सुरक्षा, सम्मान एवं गरिमा सुनिश्चित करने का संकल्प लेने का अवसर है। महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस और अधिक संवेदनशीलता से कार्य करेगी। मिशन शक्ति, महिला सशक्तिकरण एवं एंटी रोमियो स्क्वाड को और प्रभावी बनाया गया है। सार्वजनिक स्थलों, विद्यालयों, महाविद्यालयों व भीड़भाड़ वाले इलाकों में सादी वर्दी में महिला पुलिस की तैनाती बढ़ाई गई है। उन्होंने आमजन से अपील की कि सभी अपनी बहन-बेटियों की सुरक्षा का संकल्प लें। अपर आयुक्त प्रशासन राज कुमार द्विवेदी, उत्तर प्रदेश पिछड़ा वर्ग आयोग के राज्य मंत्री सोहनलाल श्रीमाली, विधायक रत्नाकर मिश्र व रमाशंकर पटेल सहित जनपद के अनेक वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य नागरिकों को भी रक्षा सूत्र बांधा गया। कार्यक्रम का सबसे प्रेरणादायक दृश्य तब देखने को मिला जब 116 वर्षीय दादाजी माता गुलाम उपाध्याय विशेष रूप से केंद्र पहुंचे और बीके बिंदु दीदी से रक्षा सूत्र बंधवाया। उनकी यह इच्छा प्रेरणादायक संदेश है कि प्रेम, स्नेह और आध्यात्मिकता की कोई उम्र सीमा नहीं होती। ब्रह्माकुमारीज द्वारा मिर्जापुर में लगातार एक सप्ताह से रक्षाबंधन मनाया जा रहा है। पांच दिवसीय विश्व बंधुत्व रक्तदान महाअभियान में योगदान देने वाले रक्तवीरों व रक्तवीरांगनाओं को भी रक्षा सूत्र बांधकर सम्मानित किया गया। केंद्र पर पहुंचे हजारों लोगों को रक्षा सूत्र बांधकर ईश्वरीय संदेश दिया गया। बीके बिंदु दीदी ने कहा कि रक्षाबंधन समाज के सभी वर्गों को प्रेम, स्नेह, अपनत्व और भाईचारे के सूत्र में बांधने का पर्व है। ब्रह्माकुमारीज का प्रयास है कि समाज से बुराइयां समाप्त हों, सभी में पवित्रता एवं सद्भावना जागृत हो और समाज मिल-जुलकर श्रेष्ठ दिशा की ओर आगे बढ़े।