सावन के दूसरे सोमवार की एकादशी पर कांवड़िया श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक
PRATAPGARH NEWS: श्रावण माह के दूसरे सोमवार को ब्रम्हमुहूर्त से लेकर देर शाम तक बाबा घुइसरनाथ धाम में जलाभिषेक को श्रद्धालु उमड़े दिखे। सूत्रों के मुताबिक सोमवार को लगभग दो लाख श्रद्धालुओं ने देवाधिदेव महादेव का दर्शन पूजन किया। लाखों शिवभक्तों की मौजूदगी को लेकर पुलिस व प्रशासन को पसीना छूट आया। मानिकपुर तथा कालाकांकर के पवित्र गंगा घाट से जल भरकर कांवड़िया श्रद्धालुओं का बोल बम जयघोष के साथ जलाभिषेक खासे आकर्षण में दिखा। रविवार की शाम से ही मानिकपुर से जलाभिषेक के लिए कांवडिया श्रद्धालुओं से बाबा धाम तक के मार्गो पर रिकार्ड भीड़ के उत्साह का वेग दिखा। रविवार को निशिताकाल में भी शिवभक्तों ने बाबा का दर्शन पूजन किया। श्रावण के दूसरे सोमवार को दिन भर मंदिर परिसर में रूद्राभिषेक में भी भक्त भगवान भोलेनाथ को प्रसन्न करते दिखे। भक्तों ने बाबा के शिवलिंग पर बेल पत्र, पुष्प, अक्षत, धातूरा, भांग भी अर्पित किया। दूसरे सोमवार को एकादशी होने के कारण बाबा धाम में श्रद्धालुओं का सैलाब भी दिन भर बना रहा। पुलिस प्रशासन ने शिवभक्तों की भीड को देखते हुए अमावां सीमा तथा देउम चौराहे पर बैरियर लगाकर भारी वाहनों के आवागमन को दिन भर प्रतिबंधित रखा। सीओ आशुतोष मिश्रा व सांगीपुर थानाध्यक्ष मनीष त्रिपाठी पुलिस एवं पीएसी के साथ धाम परिसर में मुस्तैद दिखे। मंदिर के प्रवेश द्वार पर उदयपुर के उप निरीक्षक राजेश शुक्ला श्रद्धालुओं के दर्शन पूजन के प्रबन्ध में मशक्कत करते देखे गये। एकादशी के सोमवार को बाबा भोलेनाथ की संध्या आरती की भव्यता भी शिवभक्त निहारते दिखे। मंदिर के मुख्य महन्त मयंकभाल गिरि ने संध्या आरती में वैदिक मंत्रोच्चारण के मध्य शिव आराधना की मनमोहक प्रस्तुति में दिखे।







