Home उत्तर प्रदेश बीमारी से परेशान अधेड़ ने बैर के पेड़ में लुंगी का लगाया...

बीमारी से परेशान अधेड़ ने बैर के पेड़ में लुंगी का लगाया फंदा, हुई मौत

KAUSHAMBI NEWS: कोखराज थाना क्षेत्र के मीरापुर गांव में एक अधेड़ ने पेड़ में लुंगी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी होने पर परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। मीरापुर निवासी करन सिंह पटेल (55) पुत्र स्वर्गीय रमेश्वर पटेल लंबे समय से बीमारी से परेशान थे। बताया जाता है कि मंगलवार की रात उन्होंने गांव से करीब 100 मीटर दूर स्थित खेत के पास एक बेर के पेड़ में लुंगी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पत्नी चमेली देवी की रात करीब 11 बजे नींद खुली तो उन्होंने पति को घर में न पाकर तलाश शुरू की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। सुबह होने पर खेत के पास स्थित पेड़ पर उनका शव लटका मिला। यह देख वह चीख-पुकार करने लगीं। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही शहजादपुर चौकी प्रभारी जनार्दन सिंह हमराहियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के तीन पुत्र हैं, जो रोजगार के सिलसिले में बाहर रहते हैं। घटना की सूचना उन्हें भी दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।