Home उत्तर प्रदेश बाल क्लबों के गठन से विद्यार्थियों को मिली जिम्मेदारी, सुरक्षित व स्वच्छ...

बाल क्लबों के गठन से विद्यार्थियों को मिली जिम्मेदारी, सुरक्षित व स्वच्छ विद्यालय का संकल्प

KAUSHAMBI NEWS: खंड शिक्षा अधिकारी सिराथू के निर्देश पर उच्च प्राथमिक विद्यालय नौगीरा में गुरुवार को बाल क्लब व शिक्षक दायित्व प्रबंधन बोर्ड का गठन किया गया। इस दौरान विभिन्न क्लबों का गठन कर विद्यार्थियों को विद्यालय की व्यवस्था, सुरक्षा, अनुशासन और स्वच्छता से जुड़ी जिम्मेदारियां सौंपी गईं। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के प्रधानाध्यापक विकास कुमार के निर्देशन में हुआ। विद्यालय में सुरक्षा व अनुशासन क्लब, स्वच्छता व सेनिटेशन क्लब, मध्याह्न भोजन (एमडीएम) क्लब और मुख्य द्वार सुरक्षा व रोस्टर क्लब का गठन किया गया। प्रत्येक क्लब में चार-चार छात्र-छात्राओं को बाल प्रहरी के रूप में नामित करते हुए संबंधित शिक्षकों को नोडल अधिकारी बनाया गया। सुरक्षा व अनुशासन क्लब में नितिन, दिव्यांशु, जानवी और दीपांशु को बाल प्रहरी बनाया गया व कुलदीप सिंह को नोडल शिक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई। स्वच्छता एवं सेनिटेशन क्लब में अनमोल कुमार, रोहित कुमार, खुशी और आदिल को शामिल किया गया, जिसकी जिम्मेदारी शिक्षक नंदलाल सिंह को दी गई। मध्याह्न भोजन (एमडीएम) क्लब में उमेश कुमार, दुर्गेश, गुड़िया देवी और राधिका देवी को बाल प्रहरी बनाया गया व मृत्युंजय सिंह को नोडल शिक्षक नामित किया गया। मुख्य द्वार सुरक्षा एवं रोस्टर क्लब में अमन, अभिषेक, अंश कुमार और विमलेश कुमार को जिम्मेदारी सौंपी गई। प्रधानाध्यापक ने बताया कि क्लबों के गठन का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, जिम्मेदारी एवं सामूहिक कार्य संस्कृति का विकास करना है। साथ ही विद्यालय को सुरक्षित, स्वच्छ और अनुशासित बनाए रखने में बच्चों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक उपस्थित रहे।