भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर हुए विविध कार्यक्रम
PRAYAGRAJ NEWS: भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के 135वें अवसर पर जनपद में विविध कार्यक्रम बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ आज आयोजित किए गए। कार्यक्रमों के केंद्र में समाजवादी बाबा साहब अंबेडकर वाहिनी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजू पासी थे जिनकी सक्रिय उपस्थिति और नेतृत्व में पूरे आयोजन को दिशा मिली। कार्यक्रम की शुरुआत इलाहाबाद हाईकोर्ट चैराहे पर स्थापित संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुई। इस दौरान समाजवादी बाबा साहब अंबेडकर वाहिनी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजू पासी ने बाबा साहब को नमन करते हुए उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया। सपा जिला कार्यालय, जार्जटाउन में आयोजित गोष्ठी में राजू पासी ने मुख्य रूप से अपने विचार रखते हुए कहा कि बाबा साहब का संघर्ष केवल अधिकारों के लिए नहीं, बल्कि समाज में समानता, न्याय और गरिमा स्थापित करने के लिए था। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वह इन मूल्यों को अपने आचरण में उतारें। कार्यक्रम की अगली कड़ी में विधानसभा करछना के ग्राम सभा पुरवा खास में आयोजित जनसभा में भी राजू पासी ने जनता को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि बाबा साहब के विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं और समाज के अंतिम व्यक्ति तक समान अधिकार सुनिश्चित करना ही सच्ची श्रद्धांजलि है।
विधानसभा बारा के ग्राम सभा डेरा बारी (डेरवा) में बाबा साहब की प्रतिमा का अनावरण किया गया। इस अवसर पर एमएलसी डॉ. मानसिंह यादव, डिप्टी सॉलिसिटर शिवकुमार पाल के साथ राजू पासी की प्रमुख भूमिका रही। उन्होंने सामाजिक चेतना को मजबूत करने और संविधान के मूल्यों को जन – जन तक पहुंचाने पर बल दिया। आयोजन में राजू पासी के नेतृत्व में बाबा साहब के विचारों समानता, न्याय और अधिकार को सशक्त रूप से प्रस्तुत किया गया, जिससे समाज में जागरूकता और एक सकारात्मक संदेश का प्रसार हुआ।







