FATEHPUR NEWS: विकासखंड धाता क्षेत्र के सोनारी गांव में शनिवार रात तेज बारिश के दौरान विजय कुमार का कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। मकान गिरने से घर में रखा लकड़ी का सामान, बिस्तर, अनाज समेत गृहस्थी का काफी सामान मलबे में दबकर खराब हो गया। गनीमत रही कि हादसे के समय परिवार के लोग मकान के दूसरे हिस्से में मौजूद थे, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। पीड़ित विजय कुमार ने बताया कि लगातार हो रही बारिश के कारण कच्चे मकान की दीवारें पहले से ही कमजोर हो गई थीं। शनिवार रात बारिश के दौरान अचानक मकान की दीवारें और छत गिर गईं। कुछ ही देर में पूरा मकान मलबे में तब्दील हो गया। मकान के मलबे में दबने और बारिश का पानी भरने से घर में रखा अनाज खराब हो गया। वहीं बिस्तर, लकड़ी का सामान और अन्य घरेलू सामग्री भी क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद परिवार के सामने रहने की समस्या खड़ी हो गई है। पीड़ित ने बताया कि अभी तक उसे आवास योजना के तहत पक्का मकान नहीं मिल सका है। वह परिवार के साथ कच्चे मकान में रहने को मजबूर था। अब मकान गिरने के बाद परिवार की परेशानी और बढ़ गई है। विजय कुमार ने प्रशासन से मकान गिरने से हुए नुकसान का सर्वे कराकर आर्थिक सहायता दिलाने और आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की है। ग्रामीणों ने भी प्रशासन से बारिश से प्रभावित परिवार को तत्काल राहत उपलब्ध कराने की मांग की है।







