एक माह में चोरी की चौथी घटना, पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल
SIDHARTHNAGAR NEWS: बढ़नी कस्बे में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। एक महीने के भीतर चोरी की चौथी घटना सामने आने से क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है। लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद पुलिस किसी भी मामले का खुलासा नहीं कर सकी है, जिससे लोगों में पुलिस की सक्रियता को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है। ताजा मामला शुक्रवार का है, जब स्टेशन रोड स्थित एक सीएसपी केंद्र में संचालक की अनुपस्थिति का फायदा उठाकर एक व्यक्ति अंदर घुस गया और कैश काउंटर खोलकर हजारों रुपये लेकर फरार हो गया। घटना की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। बताया जाता है कि जब संचालक वापस लौटा तो कैश काउंटर से रुपये गायब मिले। इसके बाद उसने सीसीटीवी फुटेज खंगाला, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति काउंटर खोलकर पैसे ले जाते हुए दिखाई दिया। संचालक ने आरोपी की तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई, जिस पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना की जानकारी मिलते ही कस्बे में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि कस्बे में पिछले एक महीने से चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है। मई माह में कस्बे में तीन अलग-अलग स्थानों से बाइक चोरी की घटनाएं हुई थीं। पश्चिम पड़ाव क्षेत्र में पंजाब नेशनल बैंक के सहायक प्रबंधक की बाइक दिनदहाड़े चोरी हो गई थी, जो सीसीटीवी में कैद हुई थी। इसके अलावा अमान हॉस्पिटल के पास एक चाय दुकानदार की बाइक चोरी हो गई, वहीं ब्लॉक रोड से बाजार आए एक व्यक्ति की बाइक भी चोर उड़ा ले गए। इसके अतिरिक्त 19-20 मई की रात मिल कॉलोनी क्षेत्र में एक मकान का ताला तोड़कर चोरों ने दो कमरों से हजारों रुपये का सामान पार कर दिया था। इन सभी मामलों में पुलिस ने मुकदमा तो दर्ज किया, लेकिन अब तक किसी भी घटना का खुलासा नहीं हो सका है।लगातार हो रही वारदातों से नाराज कस्बेवासियों का आरोप है कि अपराधियों के मन से पुलिस का भय समाप्त हो गया है और कानून-व्यवस्था की स्थिति कमजोर होती जा रही है। इस संबंध में थानाध्यक्ष ढेबरुआ दुर्गा प्रसाद ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है और पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।







