SIDDHARTHNAGAR NEWS: ढेबरुआ पुलिस ने बीते दिनों बढ़नी कस्बे में हुई कई चोरी की घटनाओं में से एक का खुलासा कर दिया है। 2 जुलाई को नगर पंचायत बढ़नी के लोहियानगर मोहल्ले में तुलसीपुर रोड पर स्थित शत्रुघन कुमार पाण्डेय के घर हुई चोरी के मामले में पुलिस ने चार शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लाखों रुपये का माल बरामद किया है। पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में अनिल चौधरी (20, नेपाल), कलीम अहमद (23, बढ़नी), मोनू चौधरी (20, नेपाल) और विवेक चतुर्वेदी (23, बढ़नी) को शनिवार सुबह ग्राम दुधवनिया बुजुर्ग कब्रिस्तान के पास से दबोचा गया। पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, इन सभी पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से चांदी के 15 जोड़ी बिछुए, एक सोने की नथिया, चांदी के 2 कड़े, नए-पुराने पायल, सोने के लॉकेट, चांदी के कटोरे व सिक्के, सोने की छोटी मूर्तियां व अंगूठी, तीन मोबाइल फोन और नगद 20,500 रुपये सहित भारी मात्रा में चोरी का सामान बरामद हुआ है। इन चोरों में से कुछ का लंबा आपराधिक इतिहास है और ये ढेबरुआ सहित त्रिलोकपुर, गोल्हौरा और खेसरहा थानों में भी चोरी, एनडीपीएस एक्ट व अन्य धाराओं में कई मामलों में वांछित थे। इस गिरफ्तारी से क्षेत्र में हुई कुछ चोरी की घटनाओं के खुलासे की उम्मीद है।







